नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे के बाद आम आदमी पार्टी (आप) के मुख्यालय को सफेद-हरे गुब्बारों से सजाया गया, और लोग तिरंगा और अरविंद केजरीवाल के पोस्टर लहरा रहे हैं। पार्टी कार्यकर्ता इस शानदार जीत का जश्न मना रहे हैं। लेकिन इस चुनाव में दिल्ली की सत्ता में आने का आस लगा बैठी भाजपा खेमे में पूरी तरह सन्नाटा है।
पश्चिमी दिल्ली के पटेल नगर पूर्व स्थित आप के मुख्यालय में सबसे बड़ा जश्न मनाया जा रहा है, जहां हजारों समर्थकों, कार्यकताओं की भीड़ उमड़ी हुई है।
यहां ‘पांच साल केजरीवाल’ का नारा लगाया जा रहा है और समर्थक प्रचार के दौरान इस्तेमाल की गई इस धुन पर थिरक रहे हैं।
पार्टी नेताओं ने कहा कि पूरी दुनिया की नजर इस चुनाव परिणाम पर है।
आप नेता मनीष सिसोदिया ने आईएएनएस से कहा, “यह अविश्वसनीय है। हमें विश्वास नहीं हो रहा।”
पार्टी नेता कुमार विश्वास ने कहा, “दुनिया हमारी जीत को देख रही है।”
लेकिन इस चुनाव में करारी हार के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के मुख्यालय में मरघट-सा सन्नाटा पसरा हुआ है, क्योंकि भाजपा इस चुनाव से बड़ी उम्मीद लगा बैठी थी कि वह 15 साल बाद दिल्ली में सत्ता में जरूर लौटेगी। उसने पूरी कोशिश भी की, हर हथकंडे अपनाए, लेकिन जनता ने सबकुछ नकार दिया।
अशोक रोड स्थित भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय और पंडित मार्ग स्थित प्रदेश मुख्यालय में सन्नाटा पसरा हुआ है, जहां सुबह से सिर्फ मीडियाकर्मी ही मौजूद हैं।
दोनों ही कार्यालयों में पार्टी के पदाधिकारी निराश नजर आ रहे हैं।
भाजपा के मीडिया संयोजक प्रवीण शंकर कपूर ने आईएएनएस से कहा, “नतीजों ने साबित किया है कि पार्टी कार्यकर्ता होने के नाते हम विकास के संदेश को लोगों तक पहुंचाने में नाकाम रहे हैं। हम हार स्वीकार करते हैं और हम निश्चित रूप से इसके पीछे के कारणों पर आत्ममंथन करेंगे।”
हालांकि, प्रवीण ने यह भी कहा कि चुनाव परिणाम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी या मुख्यमंत्री पद की उम्मीदवार किरण बेदी पर कोई जनमत संग्रह नहीं है।
दूसरी ओर आप के उत्साहित समर्थकों के साथ जीत के जश्न में स्थानीय लोग भी जुड़ गए हैं। पार्टी कार्यालय के बाहर उत्सव का माहौल है, जहां केजरीवाल का बड़ा पोस्टर लगा हुआ है।
आप के एक समर्थक अखिलेश कुमार ने कहा, “ऐसा लग रहा है कि यह 2011 विश्व कप की जीत का जश्न है।”
आप के कार्यालय को गुब्बारे से सजाया गया और समर्थकों पर फूल की पंखुड़ियों की बारिश की जा रही है।
पार्टी नेता संजय सिंह ने कहा, “यह जनादेश अभद्र राजनीति के खिलाफ है। जहां भी हमारे मित्र जीत रहे हैं, हमें वहां किसी को नीचा नहीं दिखाना है। हमें विनम्र बने रहना है और लोगों के लिए काम करना है।”
आप के सांसद भगवंत मान ने भी ऐसा ही संदेश देते हुए कहा, “हमें निश्चित रूप से घमंडी नहीं बनना है।”
आप के सैकड़ों समर्थक राष्ट्रीय ध्वज लहराते और केजरीवाल तथा आप के समर्थन में नारेबाजी करते दिखे।
केजरीवाल की सीट नई दिल्ली में भी जश्न का माहौल है, जहां गोल मार्केट में मतगणना केंद्र के बाहर आप के 400-500 समर्थक इकट्ठे हुए हैं।
आप के एक समर्थक और करोल बाग के व्यवसायी ने सुनील कुमार ने कहा, “अच्छे दिन यहां आ गया। लोग भ्रष्टाचार से परेशान थे। पिछली बार, आप को कुछ भ्रष्ट लोगों के कारण सरकार से हटना पड़ा था।”
पार्टी के एक कार्यकर्ता ने आईएएनएस से कहा कि वे केजरीवाल के निर्देश पर ढोल-नगाड़े नहीं बजा रहे।
आप के कार्यकर्ता ने कहा, “हमें किसी पर धौंस नहीं जमाना, इसलिए हमें ढोल-नगाड़ा बजाने की इजाजत नहीं दी गई है।”




