Uncategorized

आईएस समर्थक ने आतंकवादियों की भर्तियां नहीं की : राजनाथ

नई दिल्ली : इस्लामिक स्टेट (आईएस) के समर्थन में ट्वीट करने के आरोप में गिरफ्तार मेहदी मसरूर बिस्वास ने शुरुआती पूछताछ में खुलासा किया है कि उसकी भूमिका केवल सोशल नेटवर्किंग साइट पर प्रचार सामग्री डालने तक सीमित थी, वह आईएस के लिए की जाने वाली भर्ती प्रक्रिया में शामिल नहीं था। यह बात केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को कही। राजनाथ ने मेहदी की गिरफ्तारी पर लोकसभा में स्वत:स्फूर्त बयान दिया। उन्होंने कहा कि शुरुआती पूछताछ में आईएस समर्थक ने इस गिरोह के लिए लोगों की भर्तियां करने से इनकार किया है।

गृहमंत्री ने लोकसभा तथा राज्यसभा में दिए गए अलग-अलग बयान में कहा, “उसकी भूमिका आईएस के लिए ट्विटर तथा अन्य सोशल नेटवर्किं ग साइट पर प्रचार सामग्री डालने तक सीमित थी। आईएस के लिए किसी भी व्यक्ति की भर्ती से उसने इंकार किया है।”

गृहमंत्री ने कहा, “पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया कि ट्विटर पर उसके 60 फीसदी से अधिक फॉलोअर पश्चिमी देशों के गैर मुस्लिम हैं। जबकि अधिकांश मुस्लिम फॉलोअर पश्चिमी देश खासकर ब्रिटेन के हैं।”

उन्होंने कहा, “अपने कॉलेज के दिनों से ही बिस्वास सीरिया, इराक तथा अफगानिस्तान में होने वाली घटनाओं से इंटरनेट की मदद से रूबरू होना शुरू कर दिया था और 2009 से ही सोशल नेटवर्किं ग साइट पर सक्रिय था।”

मंत्री ने कहा, “कुछ समय बाद बिस्वास ने सोशल नेटवर्किं ग साइटों पर जिहाद से संबंधित लोगों से मेल-जोल बढ़ाना शुरू कर दिया।”

मेहदी को 11 दिसंबर को गिरफ्तार किया गया था। एक ब्रिटिश चैनल ने एक कंपनी में एक्जक्यूटिव के पद पर कार्यरत 24 वर्षीय इस युवक के तार आईएस से जुड़े होने का खुलासा किया था।

बिस्वास को शनिवार सुबह बेंगलुरू के पूर्वोत्तर उपनगर स्थित उसके एक रूम वाले किराए के मकान से गिरफ्तार किया गया था।

कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक लाल रोखूमा पचाउ ने संवाददाताओं से कहा कि पुलिस दल जब उसके घर पर पहुंची, वह सो रहा था।

एक अदालत ने रविवार को उसे आगे की पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया।

राजनाथ ने बताया कि मेहदी को गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम तथा भारतीय दंड संहिता के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने कहा, “हालांकि जिस ट्विटर के जिस खाते के जरिये वह आईएस के लिए प्रचार कर रहा था, वह ब्रिटेन में इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से सामने आया।”

राजनाथ सिंह ने कहा कि बिस्वास कोलकाता के एक मध्यमवर्गीय परिवार से आता है और उसने गुरु नानक देव इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी से 2012 में इलेक्ट्रीकल इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी की है। कैंपस भर्ती के दौरान वह आईटीसी में शामिल हुआ था और वर्तमान में कंपनी का कर्मचारी है।

पश्चिम बंगाल विद्युत बोर्ड में कर्मचारी रहे बिस्वास के पिता एन.मसरूर बिस्वास ने अपने पुत्र का किसी आतंकवादी समूह के रिश्ते से इंकार कर दिया और दावा किया कि उसका खाता हैक किया गया है।

उल्लेखनीय है कि बिस्वास की गिरफ्तारी के एक दिन बाद रविवार को बेंगलुरू में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को ट्विटर के माध्यम से धमकी मिली थी।

एक अज्ञात ट्विटर अकाउंट से बेंगलुरू के पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिषेक गोयल को मेहदी की गिरफ्तारी का बदला लेने की धमकी मिली है। आईएएनएस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button