Uncategorized

साहित्यिक आयोजनों को बढ़ाने की आवश्यकता : निलेश रघुवंशी

।। शैलप्रिया साहित्यिक सम्मान समारोह का आयोजन ।।

रांची : वन भवन डोरंडा में साहित्यकार एवं कवित्री स्वर्गीय शैलप्रिया साहित्यिक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में सम्मनित की गईं भोपाल की श्रीमती निलेश रघुवंशी ने कहा कि देश में साहित्यिक आयोजनों में कमी आने लगी है जिसे बढ़ाना आवश्यक है। आयोजन में शहर एवं दूसरे स्थानों से आए हुए साहित्यकारों ने साहित्य के स्वरुप पर अपने विचार व्यक्त किये। समारोह में स्व शैलप्रिया की पुत्री श्रीमती अनामिका द्वारा लिखी गयी पुस्तक “हिंदी का साहित्य और झारखण्ड” का लोकार्पण भी किया गया।

इस मौके पर कई साहित्यकारों एवं लेखकों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अल्काजी उपस्थित थीं। इस अवसर पर न्यूज़ विंग के प्रतिनिधि से बात करते हुए स्व शैलप्रिया के छोटे पुत्र श्री अनुराग अन्वेषी ने कहा कि यह एक रोमांचक अनुभव था। उन्होंने कहा कि वर्तमान साहित्य पिछले साहित्य की अपेक्षा आगे बढ़ चुका है, इसके विषय भी विस्तृत होते गए हैं।

उन्होंने कहा कि मां के दौर में जो कविताएं सांकेतिक रूप में आती थीं अब वो ज्यादा मुखर होकर आ रही हैं। कहा कि पहले की तरह आज भी अच्छी और घटिया साहित्यिक रचनाएं हैं पर यह पाठकों पर निर्भर करता है कि वह किसे चुनें। कहा कि जो फूहड़ और कमजोर हैं वो साहित्य कहां रह पाती है। जो अच्छी चीजें हैं वो साहित्य का हिस्सा हैं।

श्री अन्वेषी ने कहा कि आज दूसरी चीजों की तरह साहित्य पर भी बाजार हावी है। जिस कारण कुछ अच्छे और गुणवान लोग साहित्यिक दुनिया में प्रतिभावान होते हुए भी पिछड़ जाते हैं।

श्रीमती निलेश रघुवंशी ने कहा कि मुझे द्वितीय शैलप्रिया साहित्यिक सम्मान ग्रहण करते हुए बहुत अच्छा लगा। यहां एक आत्मीय माहौल था। रांची में कई अच्छे और विद्वान साहित्यकार हैं। समारोह में सर्वश्री शैलेश पंडित, गिरिधारी राम गौन्झू, डॉ शिव शंकर मिश्र, रविभूषण, महुआ मांझी, सुशील अंकन, महादेव टोप्पो, डॉ भारती कश्यप, रीता शुक्ल, पंकज मित्र, निलेश रघुवंशी, अशोक पागल सहित अनेक गण्यमान लोग उपस्थित थे। धन्यवाद ज्ञापन श्री प्रियदर्शन ने किया। इस आयोजन में श्री विद्याभूषण, श्री प्रियदर्शन आदि का मुख्य योगदान रहा।
(रिपोर्ट : के ई सैम)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button