Uncategorized

दिल्ली : कैथोलिक समुदाय का प्रदर्शन

नई दिल्ली : पूर्वी दिल्ली स्थित एक चर्च में सोमवार को आग लगने की घटना के बाद मंगलवार को कैथोलिक समुदाय के लोगों ने लगभग 2,000 की संख्या में दिल्ली पुलिस मुख्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया और घटना की न्यायिक जांच की मांग की। पुलिस ने दिल्ली के सभी चर्चो में सुरक्षा मुहैया कराने की भी मांग कर रहे प्रदर्शनकारियों को सभी मांगें पूरी किए जाने का आश्वासन दिया।

फादर मैथ्यू कोयिकल ने आईएएनएस को बताया, “हम चाहते हैं कि घटना की न्यायायिक जांच कराई जाए। हमने दिल्ली के सभी चर्चो को सुरक्षा दिए जाने और दोषियों की गिरफ्तारी की भी मांग रखी है।”

प्रदर्शन मंगलवार सुबह 10 बजे शुरू हुआ और करीब दो घंटों तक जारी रहा।

विशेष पुलिस आयुक्त दीपक मिश्रा ने अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ प्रदर्शकारियों से मुलाकात कर उन्हें आश्वासन दिया कि पूरे मामले की गहराई से जांच होगी। उन्होंने यह भी बताया कि इसके लिए विशेष जांच दल का गठन किया गया है।

मिश्रा ने दिल्ली के सभी चर्चो के समारोहों में पुलिस की तैनाती किए जाने का भी आश्वासन दिया।

इससे पूर्व फादर कोयिकल ने कहा, “हम चाहते हैं कि सरकारी तंत्र आगे आकर हमारे लोगों को न्याय दिलाने के लिए ठोस कदम उठाए।”

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने आईटीओ स्थित पुलिस मुख्यालय के बाहर यातायात रोक दिया है। प्रदर्शनकारियों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल रहे। वे ‘वी वांट जस्टिस’ (हम न्याय चाहते हैं) के नारे लगा रहे थे। उनके हाथों में तख्तियां थीं, जिन पर लिखा था, ‘प्रार्थना करें और दूसरों को भी करने दें।’

पूर्वी दिल्ली के दिलशाद गार्डन स्थित एक चर्च में रहस्यमयी परिस्थितियों में सोमवार को आग लगी थी। चर्च की देखभाल करने वालों का आरोप है कि घटना में कुछ अज्ञात लोग शामिल थे। (आईएएनएस)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button