
Ranchi : राज्य की बहुचर्चित साहिबगंज महिला थाना प्रभारी रूपा तिर्की आत्महत्या केस मामले में साहिबगंज पुलिस ने रूपा तिर्की के बैचमेट शिव कुमार कनौजिया को गिरफ्तार किया है.
साहेबगंज पुलिस ने कहा कि चाईबासा पुलिस बल में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर एसके कनौजिया की प्रताड़ना से परेशान होकर रूपा ने आत्महत्या की. इसके सबूत मिले हैं.
बता दें कि साहिबगंज में तीन मई को साहिबगंज की महिला थाना प्रभारी का शव सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटकते हुए मिला था. परिजन द्वारा इस आत्महत्या को हत्या करार दिया गया और सीबीआई जांच की मांग की गयी.
जिरवाबड़ी थाना में युडी केस दर्ज किया गया और एसपी की ओर से गठित टीम ने केस की छानबीन शुरू की.
परिजनों ने आरोप लगाया है कि रूपा के साथ काम कर रही महिला दारोगा ज्योत्स्ना, मनीषा और मुख्यमंत्री सह विधायक प्रतिनिधि पंकज मिश्रा ने हत्या की है. सोशल मिडिया पर जस्टिस फोर रूपा ट्रेंड हो रहा है.
एसपी ने कहा कि सहकर्मी दो महिला दारोगा और पंकज मिश्रा पर आरोप साबित नहीं हुए है. आरोपी शिव कुमार कनौजिया को गिरफ्तार कर लिया गया है.
इधर, रूपा तिर्की की मौत मामले में रांची के रातू के काठीटांड़ के पास लोगों ने प्रदर्शन किया. आक्रोशित भीड़ सीबीआई जांच की मांग कर रही है.




