Uncategorized

रामपाल के आश्रम से 4200 लाठियों सहित कई हथियार बरामद

बरवाला (हरियाणा) : स्वयंभू संत रामपाल के सतलोक आश्रम में हरियाणा पुलिस द्वारा जारी तलाशी अभियान में दो बुलेटप्रूफ जैकेट, हथियारों का जखीरा, 4200 लाठियों समेत कई और सामान बरामद हुआ है। यह जानकारी रविवार को पुलिस अधिकारियों ने दी। पुलिस विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि तलाशी अभियान के दौरान आश्रम से दो बुलेटप्रूफ जैकेट, चार 315 बोर की राइफल, पांच 12 बोर की राइफल समेत कई अन्य हथियार बरामद हुए हैं।

यह सामान तब जब्त किया गया जब हरियाणा पुलिस का एक विशेष जांच दल (एसआईटी) रामपाल को जांच करने के लिए अपनी हिरासत में आश्रम लाया। रामपाल को बुधवार को पुलिस बल और उनके समर्थकों के बीच भारी गतिरोध और संघर्ष के बाद गिरफ्तार किया गया था।

एसआईटी ने पहले दावा किया था कि उसे आश्रम से हथियारों और गोला बारूद का बड़ा जखीरा मिला है। इसमें तीन 32 बोर की रिवॉल्वर, 19 हवाई बंदूक, दो 12 बोर दोनाली बंदूक, दो 315 बोर की राइफल के साथ-साथ इन हथियारों के लिए गोला-बारूद भी मिला है।

हरियाणा पुलिस के महानिदेशक एस.एन. वशिष्ठ और पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार राव ने भी रविवार को सतलोक आश्रम का दौरा किया।

पुलिस ने 4250 लाठियां, 171 हेलमेट, 235 काली वर्दी के जोड़े (रामपाल के निजी कमांडो के लिए बने थे), 12 पेट्रोल बम समेत कई अन्य उपकरण जिनका उपयोग बाबा रामपाल के समर्थक उनको गिरफ्तारी से बचाने के लिए कर रहे थे, जब्त कर लिए हैं।

इससे पहले पुलिस ने उपदेश देने के लिए बुलेटप्रूफ बाड़े, बुलेटप्रूफ एसयूवी कार, एक निजी स्वीमिग पूल, यहां तक की उनके बाथरूम में एक एसी सहित कई एयर कंडीशनर, फ्लैट स्क्रीन एलसीडी टीवी, जिम उपकरण समेत रामपाल की विलासिता के कई सामानों का पता लगाया था।

रामपाल के खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, राजद्रोह, दंगा भड़काने, लोगों को अवैध रूप से बंदी बनाए जाने सहित कई अन्य मामले दर्ज किए गए हैं।

रामपाल के समर्थकों और पुलिस के बीच पिछले सप्ताह हुई झड़प के दौरान छह लोगों की मौत हो गई, जिसमें पांच महिलाएं और एक नवजात शिशु शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button