Uncategorized

मोदी का विरोध नहीं छोड़ेंगे, भले ही पाकिस्‍तान जाना पड़े – उमर अब्दुल्ला

अनंतनाग: जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि वो पाकिस्तान जाना पसंद करेंगे लेकिन बीजेपी के पीएम कैंडिडेट नरेंद्र मोदी का विरोध करना बंद नहीं करेंगे।

अनंतनाग लोकसभा क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उमर ने कहा, ‘आज हमें धमकियों पर धमकियां मिल रही हैं। अल्लाह का शुक्र है कि हमारे यहां श्रीनगर मुजफ्फराबाद बस सेवा है। मुझे (पाकिस्तान जाने के लिए) वाघा सीमा पार करने के लिए दिल्ली या अमृतसर जाने की जरूरत नहीं पड़ेगी।’

उन्होंने कहा, मैं मुजफ्फराबाद जाने और पाकिस्तान जाने के लिए एक टिकट लूंगा क्योंकि मैं मोदी का विरोध तो बंद करूंगा नहीं। इस रैली को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सैफुद्दीन सोज ने भी संबोधित किया और मोदी पर निशाना साधा।

उमर अब्दुल्ला बिहार के बीजेपी नेता गिरिराज सिंह के उस बयान पर प्रतिक्रिया दे रहे थे जिसमें उन्होंने (गिरिराज ने) कहा था कि जो नरेंद्र मोदी को रोकना चाहते हैं उनकी जगह यहां नहीं है, उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए।

उधर उमर के पिता और केंद्रीय मंत्री फारूक अब्दुल्ला ने कहा कि बीजेपी एक नया पाकिस्तान बनाना चाहती है। फारूक ने चदूरा में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, ‘ये बीजेपी की मानसिकता है। यह वहीं मानसिकता है जिसकी वजह से पाकिस्तान का निर्माण हुआ था। अब वो एक नया पाकिस्तान बनाना चाहते हैं।’

फारूक ने कहा, ‘मोदी विरोधी पाकिस्तान समर्थक हैं, इस बयान से बीजेपी और मोदी की जहरीली नीतियों का खुलासा होता है। यह गंदी मानसिकता है और आपको जितना हो सके इसका विरोध करना चाहिए। अगर वो (बीजेपी) इसी मानसिकता के साथ काम करती रही तो उनके लिए इस देश को बचाना कठिन होगा।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button