सहारनपुर/नई दिल्ली: मोदी को मारने की धमकी देने वाले यूपी के सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद को शनिवार को देवबंद कोर्ट में पेश किया गया। जहां इस मामले में सुनवाई होगी। इस दौरान इमरान समर्थक कोर्ट के बाहर हंगामा करते रहे। हालांकि कांग्रेस ने इमरान की सदस्यता पर अभी कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शनिवार को प्रस्तावित अपनी रैली रद्द कर दी है। ये फैसला सहारनपुर से कांग्रेस उम्मीदवार इमरान मसूद की गिरफ्तारी के बाद लिया गया है। मसूद को बीती रात गिरफ्तार किया गया और उन्हें देवबंद थाने ले जाया गया है।
गौरतलब है कि शुक्रवार को मसूद की एक वीडियो सामने आया है। जिसमें मसूद को सार्वजनिक रूप से भड़काऊ भाषण देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मसूद, मोदी पर निशाना साधते हुए कह रहे हैं कि ये यूपी है गुजरात नहीं, मोदी को काट डालेंगे।
भड़काऊ भाषण देने वाले मसूद को शुक्रवार रात गिरफ्तार कर लिया गया। हालांकि मसूद ने अपने शब्दों के लिए खेद जताया है। लेकिन बीजेपी और नरेंद्र मोदी से माफी मांगने से इंकार कर दिया है। मसूद का कहना है कि अगर मोदी गुजरात दंगे के लिए देश से माफी मांगते है तो वह भी मोदी से माफी मांग लेंगे।
उधर, आज चुनाव आयोग से मिलकर बीजेपी मसूद की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग करेगी।




