नई दिल्लीे: बीजेपी के पीएम उम्मीदवार नरेंद्र मोदी ने रविवार को योग गुरु बाबा रामदेव के योग शिविर में शिरकत की। रामदेव के साथ मंच साझा करते हुए मोदी ने योग गुरु की जमकर तारीफ की।
मोदी ने कहा कि बाबा रामदेव की ओर से उठाए गए मुद्दे उनके हैं और इनसे कई लोगों की नींद हराम हो गई है। उनकी टिप्पणी ऐसे समय आई है जब रामदेव के नजदीकी लोगों को टिकट न दिए जाने से बीजेपी नेतृत्व से उनके मनमुटाव की खबरें हैं। रामदेव की तरफ से उठाए गए मुद्दों का पक्ष लेते हुए मोदी ने कहा कि काला धन, भ्रष्टाचार और देश में कुशासन पर उनका भी ऐसा ही विचार है।
बीजेपी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार ने कहा कि अगर रामदेव में सच्चाई की आग नहीं होती तो वह काफी समय पहले भाग गए होते। रामलीला मैदान में आयोजित योग महोत्सव के दौरान मोदी ने कहा, उनके अंदर आग है कि देश में बुरी चीजें क्यों हो रही हैं, यहां काला धन क्यों है, भ्रष्टाचार क्यों है, कुशासन क्यों है ? उन्होंने कहा, ‘ये ऐसे मुद्दे हैं जिन्हें मुझ जैसे लोग पसंद करते हैं। लेकिन कई लोग हैं जिनकी नींद हराम हो जाती है जब वह इस तरह के मुद्दे उठाते हैं । इसलिए वे उनके पीछे लग जाते हैं।’
मोदी ने कहा कि आने वाले समय में योग से मानवता की जो सेवा हुई है उससे भारत लाभान्वित होगा। उन्होंने योग के प्रोत्साहन में सरकार की ‘अदूरदर्शिता’ की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि रामदेव ने योग में क्रांति ला दी है और इसे लोगों का आंदोलन बना दिया है। मोदी ने कहा, अगर भारत सरकार में दूरदर्शिता होती, इसकी नीतियां ऐसी होतीं, तो योग के माध्यम से हमने दुनिया जीत ली होती।
उन्होंने देश के लोगों से भारत की स्वतंत्रता के 75 वर्ष मनाने का आह्वान किया और अपील की कि देश के नई उंचाइयों पर ले जाने का संकल्प लें। मोदी का संबोधन खत्म होने के बाद रामदेव ने उनका नाम लिए बगैर अपने समर्थकों से कहा कि अच्छी मंशा वाले अच्छे नेता को सत्ता में लाने में सहयोग करें। रामदेव ने कहा, ‘क्या देश को अच्छे नेता की जरूरत है? उम्मीद है कि आप समझते हैं। अच्छी मंशा वाले लोगों को देश की बागडोर दी जानी चाहिए। क्या आप मुझसे सहमत हैं ? हमें भ्रष्ट लोगों से निजात पाने की जरूरत है।’




