नई दिल्ली: खिताब के दावेदार माने जा रहे शीर्ष वरीय पारूपल्ली कश्यप के लिए 78वीं सीनियर राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप का सफर समाप्त हो गया है। ज्वाला गुट्टा और अश्विनी पोनप्पा की अनुभवी जोड़ी हालांकि महिला युगल के फाइनल में पहुंच गई है। महिला एकल में पीवी सिंधु भी फाइनल में पहुंच गई हैं। रविवार को खेले गए सेमीफाइनल मैच में के. श्रीकांत ने शीर्ष वरीय कश्यप को पराजित किया। सिरी फोर्ट खेल परिसर में पांचवें वरीय श्रीकांत ने कश्यप को 21-14, 21-19 से हराया। यह मैच 37 मिनट चला।
महिला वर्ग का एकल फाइनल पीवी सिंधु और रितुपर्णा दास के बीच खेला जाएगा। सिंधु ने अरुं धति पंटावने को हराया जबकि दास ने मौजूदा चैम्पियन सायाली गोखले को मात दी।
दूसरी वरीय सिंधु ने तीसरी वरीय पंटावने को 21-17, 21-14 से हराया जबकि 15वीं वरीय दास ने उलटफेर करते हुए सायाली को 13-21, 21-13, 21-14 से मात दी।
विश्व की चोटी की खिलाड़ियों में शामिल सिंधु ने क्वार्टर फाइनल में पांचवीं वरीय पीसी तुलसी को 21-11, 21-10 से हराया था।
महिला युगल के सेमीफाइनल में गुट्टा और पोनप्पा ने प्राजक्ता सावंत और आरती सारा सुनील की पांचवीं वरीय जोड़ी को 21-18, 21-15 से हराया। दूसरी वरीय जोड़ी ने यह मैच 23 मिनट में जीता।
फाइनल में गुट्टा और पोनप्पा का सामना प्रांड्या गडरे और सिकी रेड्डी से होगा। गडरे और रेड्डी की शीर्ष वरीय जोड़ी ने अपर्णा बालन और पीवी सिंधु की तीसरी वरीय जोड़ी को 21-16, 21-18 से हराया।
गुट्टा और पोनप्पा ने क्वार्टर फाइनल में वर्षा बेलावाडी और निशिता जीएम की जोड़ी को 21-11, 21-12 से हराया था। दूसरी ओर, गडरे और रेड्डी ने अंतिम-8 में संस्कृति छाबरा और नूर चटवाल की जोड़ी को 21-19, 21-10 से हराया था। (आईएएनएस)




