नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) के नेता अरविंद केजरीवाल और धार्मिक नेता मौलाना तारिक रजा खान के बीच हुई मुलाकात के खिलाफ बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन द्वारा ट्विटर पर की गई विवादास्पद टिप्पणी के लिए उनपर लगाए गए आरोपों को समाप्त करने हेतु दायर याचिका पर सर्वोच्च न्यायालय मंगलवार को सुनवाई करेगा। प्रधान न्यायाधीश पी.सतशिवम की अध्यक्षता वाली सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने वरिष्ठ वकील के.के.वेणुगोपाल द्वारा नसरीन की ओर से पेश याचिका पर सुनवाई करने पर सहमति जाहिर की। याचिका में बांग्लादेश की निर्वासित लेखिका ने अपने खिलाफ लगे आरोपों को हटाने की मांग की है।
नसरीन ने सूचना प्रौद्योगिकी कानून की धारा 66 (ए) को भी खत्म करने की मांग की है, जिसके अनुसार सोशल मीडिया सहित इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से लोगों को चोट पहुंचाने वाली टिप्पणी करने पर गिरफ्तारी का प्रावधान है। (आईएएनएस)




