काठमांडू: नेपाल में दूसरे संविधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को हुए मतदान के बाद बुधवार को मतगणना शुरू हो गई। लाखों नेपाली नागरिक बेसब्री से चुनाव परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। संविधानसभा के चुनाव में मंगलवार को 70 फीसदी मतदान हुआ था। नेपाल निर्वाचन आयोग ने इस बार के मतदान को ऐतिहासिक करार दिया है।
कई जिलों से आ रही प्रारंभिक रपटों के मुताबिक सभी जगहों पर मतगणना शुरू हो चुकी है।
संविधानसभा की 240 सीटों पर उम्मीदवारों का निर्वाचन 75 जिलों के मतदाता सीधे तौर पर करेंगे। जबकि बाकी सीटों का आवंटन आनुपातिक प्रतिनिधित्व के आधार पर किया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त 601 सदस्यीय सदन को भरने के लिए अन्य 26 सदस्यों को नामित किया जाएगा, जिसे मंत्रिमंडल राष्ट्रीय सहमति के आधार पर करेगा।
नेपाल के मुख्य निर्वाचन आयुक्त नीलकांत उप्रेती ने मंगलवार को मतदान संपन्न होने के बाद कहा, “अंतिम चुनाव परिणामों का पता चलने में एक सप्ताह का समय लगेगा।”
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता गणेश के. सी. ने कहा, “अब तक सभी जिलों में लगभग 80 प्रतिशत मतपेटियां एकत्र की जा चुकी हैं और शेष पेटियां बुधवार अपराह्न् तक जिला मुख्यालयों में जमा कर दी जाएंगी।”
नेपाल की पहली संविधानसभा का चुनाव 2008 में हुआ था, देश के नए संविधान का निर्माण करने में असफल रही थी।
पूर्व चुनाव में 54 राजनीतिक पार्टियों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से 25 पार्टियां 601 सदस्यीय संविधानसभा में प्रतिनिधत्व हासिल करने में कामयाब रही थीं। लेकिन पिछले साल संविधानसभा भंग कर दी गई थी।




