जगदलपुर: बस्तर संभाग में पहली बार कुछ अति संवेदनशील मतदान केन्द्रों में बुलेट प्रुफ जैकेट पहनकर चुनाव कर्मियों ने मतदान संपन्न कराया।
नक्सलियों की गोलियों से बचाने के लिए पैदल जाने वाले मतदान दलों को बुलेट प्रुफ जैकेट पहनाकर भेजा गया था। इन क्षेत्रों में पिछले पांच साल के भीतर हुए चुनावों में आते जाते मतदान दलों पर नक्सली हमले हुए थे। इन क्षेत्रों में पहली बार मतदानकर्मी बुलेट प्रुफ जैकेट पहनकर पहुंचे थे। इसके पहले कभी बस्तर में मतदानकर्मियों ने बुलेट प्रुफ जैकेट पहनकर चुनाव नहीं कराया था।
इस बात की पुष्टि करते हुए कुछ मतदान कर्मियों ने पूरा किस्सा सुनाया। चित्रकोट विधानसभा क्षेत्र के हर्राकोडेर, बोदली व एरपुंड जाने वाले इन मतदानकर्मियों का कहना था कि बारसूर सीआरपीएफ कैंप में तड़के चार बजे बुलेट प्रुफ जैकेट पहनाया गया तो हम रास्ते में किसी अनिष्ट की आशंका से घिर गए।
गोंडाहुर में मतदान करवाकर लौट रहे एचएएल मिश्रा ने बताया कि मंगलवार सुबह पखांजुर के लिए रवाना हुए, तो रास्ते में नक्सलियों ने विस्फोट कर दिया। उनके साथ दो दिन से लगा बीएसएफ जवान भी घायल हो गया। जवानों ने पोलिंग पार्टी के लोगों को खेतों में लेटने को कहा। इसी समय नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। कई गोलियां उनके सिर के ऊपर से निकल गई। जवानों ने भी जवाबी फायरिंग की।
उन्होंने कहा कि ऐसा नजारा उन्होंने जिंदगी में पहली बार देखा। 15-20 मिनट की फायरिंग में पूरा परिवार याद आ गया। लगा कि अब जिंदा नहीं लौट पाएंगे। कुछ देर बाद गोलीबारी रुक गई। वाहन को छोड़कर जवानों के साथ पूरी पार्टी खेतों में 20 किलोमीटर पैदल चलकर पखांजूर पहुंची। तब कहीं जाकर चैन मिला।
कांकेर के पीढ़ापला इलाके के ग्राम कानागांव में पोलिंग के लिए भेजा गया मतदान दल भी नक्सलियों की फायरिंग की चपेट में आते-आते बचा। (आईएएनएस/वीएनएस)
दल के सदस्य चेतन मरकाम, अर्जुन साहू, विनोद कुमार तथा योगेश नायक ने बताया कि मतदान खत्म करने के बाद वे ईवीएम के साथ केंद्र से बमुश्किल 200 मीटर दूर ही गए थे कि नक्सलियों ने हमला कर दिया। पहाड़ी के ऊपर छिपे नक्सली लगातार गोलियां चला रहे थे। बीएसएफ के जवानों ने दल के सदस्यों को जमीन पर लिटा दिया और मोर्चा संभाल लिया। जवाबी फायरिंग के बाद नक्सली भाग गए।




