मास्को | प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सोमवार को कहा कि भारत का रूस के साथ समन्वय ‘विशिष्ट एवं विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक भागीदारी’ पर आधारित है। मास्को की दो दिवसीय यात्रा के दौरान सोमवार को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के बाद मनमोहन सिंह ने ट्विटर खाते पर की गई टिप्पणी में कहा, “हमारे संबंधों की गहराई, विविधता एवं गतिशीलता इस बात का प्रमाण है कि वास्तव में हमारे बीच सामरिक संबंध विशिष्ट एवं विशेषाधिकार प्राप्त है।”
मनमोहन सिंह ने दोनों देशों के बीच संबंधों को आगे बढ़ाने के लिए पुतिन का आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा, “भारत और रूस के संबंधों को एक नई दिशा प्रदान करने के लिए मैं राष्ट्रपति पुतिन की भूरि-भूरि प्रशंसा करता हूं।”
मनमोहन सिंह ने आगे कहा कि वह दोनों देशों के बीच विभिन्न क्षेत्रों में समन्वय से संतुष्ट हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा, “मैं दोनों देशों के बीच रक्षा, ऊर्जा, उच्च प्रौद्योगिकीय व्यापार, निवेश, अंतरिक्ष एवं कारोबार के क्षेत्र में सहभागिता में हुए विकास से संतुष्ट हूं।”
मनमोहन सिंह ने सीरिया विवाद का शांतिपूर्वक राजनीतिक समाधान निकालने के लिए पुतिन के निजी प्रयासों के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया।
मनमोहन सिंह ने आगे कहा, “मुझे पूरा विश्वास है कि हम लगातार व्यापक हो रहे अपने आपसी हितों का सफलतापूर्वक दोहन करेंगे और अपनी सामरिक सहभागिता को नए आयाम तक पहुंचाएंगे।” – आईएएनएस




