JharkhandRanchiTOP SLIDER

एड्स कंट्रोल सोसाइटी में एक साथ मिले 8 कोरोना पॉजिटिव, किया जायेगा सील

कोरोना की जांच की रफ्तार धीमी, राज्य के 21 जिलों में एक हजार से भी कम टेस्टिंग

  • राज्य में मरीजों से अधिक कंटेनमेंट जोन

Ranchi : झारखंड एड्स कंट्रोल सोसाइटी में एक साथ आठ कर्मी कोरोना संक्रमित मिले हैं. कोरोना संक्रमितों के मिलने के बाद ऑफिस को सील किया जायेगा. बता दें कि लंबे समय के बाद किसी कार्यालय में एक साथ इतने कोरोना संक्रमित मिले हैं. पहले की तुलना में कोरोना जांच की संख्या में भारी कमी आयी है. राज्य के 24 जिलों में से सिर्फ 3 जिलों में ही एक हजार से अधिक लोगों की टेस्टिंग की जा रही है. वहीं इन्हीं तीन जिलों में कोरोना के मरीज ज्यादा पाये जा रहे हैं. मंगलवार को रांची में 841 लोगों के सैंपल की जांच की गयी. जिसमें 28 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं. सबसे अधिक 247 एक्टिव मरीज भी राजधानी में ही हैं. हालांकि वैक्सीनेशन की शुरुआत कर दी गयी है. रांची के अलावा किसी भी जिले में 100 से अधिक कोरोना मरीज नहीं हैं.

राज्य में सिर्फ 460 एक्टिव मरीज

झारखंड में अब सिर्फ 460 एक्टिव मरीज हैं. मंगलवार को 11055 सैंपल की जांच की गयी थी. जिसमें 40 लोग पॉजिटिव मिले थे, वहीं 44 लोगों को डिस्चार्ज किया गया था. राज्य में अबतक 1048 मरीजों की मौत हुई है. कोरोना से सबसे अधिक मौत जमशेदपुर जिला में हुई है. झारखंड में अब तक 53,71,930 मरीजों के कोरोना सैंपल की जांच की गयी है. वर्तमान परिस्थिति में वैसे लोगों की ही जांच हो रही है, जिन्हें या तो ईलाज कराना हो या उन्हें किसी कार्यालय संबंधी कार्य के लिए आवश्यकता हो. अधिकतर मामलों में लोग लक्षण होने के बाद भी जांच नहीं करा रहे हैं.

झारखंड में एक्टिव मरीजों से अधिक कंटेनमेंट जोन

झारखंड में कोरोना के एक्टिव मरीज मात्र 460 हैं. वहीं कंटेनमेंट जोन की संख्या 800 के करीब है. ऐसा कंटेनमेंट जोन पर ध्यान नहीं देने के कारण हो रहा है. मरीज ठीक हो जा रहे हैं, पर उन्हें कंटेनमेंट जोन से नहीं हटाया जा रहा है. बता दें कि राज्य में कोरोना टेस्टिंग की संख्या देश के 20 राज्यों से कम है.

Related Articles

Back to top button