रांची : राज्य में बढ़ रहे भ्रष्टाचार के मामलों में तत्परता दिखाते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मुख्य सचिव (सीएस) को भ्रष्टाचार के मामलों में तय समय के अंदर कार्रवाई का आदेश दिया है। हेमंत ने कहा कि उनके कार्यालय में ऐसे कई मामलें आये हैं जिनमें सरकारी राशि के गबन से लेकर कर्तव्यों में लापरवाही बरतने का आरोप साबित हुआ। इसके बावजूद संबंधित विभागों उचित कदम नहीं उठाया। उन्होंने आगे कहा कि इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलता है।
मुख्य सचिव से कई विभागों की समीक्षा कर 15 दिनों में उन्हें रिपोर्ट मांगी गयी है। सीएस को यह भी निर्देश मिला है कि भ्रष्टाचार तथा लापरवाही के मामलों जिनमें जांच की चल रही है या लंबित है उसकी भी समीक्षा कर सीमित समय में कार्रवाई की जाए।
इधर, निगरानी के लंबित मामलों जिनमें प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी है पर अनुसंधान लंबित है, प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश के बावजूद प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है तथा निगरानी में प्राप्त वैसे परिवाद या शिकायत जिन पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है, ऐसे सभी मामलों की समीक्षा मुख्य सचिव को करनी है।




