Uncategorized

शहर के विकास के लिए बनेगी संयुक्त कंपनी

जमशेदपुर : शहर का विकास करने और सड़कों का जाल बिछाने के लिए टाटा स्टील राज्य सरकार के साथ मिल कर संयुक्त कंपनी बनायेगी. इस तरह महत्वाकांक्षी सिटी डेवलपमेंट प्लान को अब जमीन पर उतारा जायेगा.

इसको लेकर संयुक्त समझौता का मसौदा बना कर टाटा स्टील ने राज्य सरकार को सौंप दिया है. चार अलग-अलग समझौते के लिए दस्तावेज सौंपे गये हैं, जिनका अध्ययन करने के बाद सरकार अंतिम फैसला लेगी.

सिटी डेवलपमेंट प्लान को अंतिम रूप देने के लिए कोशिश शुरू हो गयी है. उम्मीद है कि सितंबर या अक्तूबर माह तक इस योजना को धरातल पर उतारने का काम कर लिया जायेगा. बहुत जल्द इसका रिजल्ट सामने आयेगा.

टाटा स्टील के उपाध्यक्ष (कॉरपोरेट सर्विसेज) संजीव पॉल ने प्रभात खबर को बताया कि पहला समझौता कंपनी को स्थापित करने का और दूसरा इसके संचालन व्यवस्था को लेकर है. चार बिंदुओं पर समझौता होने के बाद इस पर आवश्यक कदम उठाये जायेंगे. राज्य सरकार भी चाहती है कि तत्काल इसके लिए काम शुरू किया जाये.

शहर को कंजेशन से बचाने के लिए यह काफी जरूरी योजना है, जिसको टाटा स्टील की ओर से पहले ही हरी झंडी दी जा चुकी है. नयी बननेवाली पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप कंपनी में टाटा स्टील की हिस्सेदारी काफी ज्यादा और राज्य सरकार की कम होगी. इसके संचालन की व्यवस्था कंपनी प्रमुख के हाथों में ही होगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button