नई दिल्ली: अनुराधा बाली उर्फ फिजा (39) की मौत के राज से अभी पर्दा नहीं उठा है वहीं पटियाला के एक अस्पताल के लैब का कहना है कि उसके दिल के सैंपल बहुत सड़ी गली अवस्था में हैं. सूत्रों का कहना है कि सैंपल्स से यह तय नहीं हो पा रहा है कि अनुराधा का हार्ट फेल कैसे हुआ. अस्पताल ने कहा है कि वह दोबारा टेस्ट करेगा.
अस्पताल रासायनिक परीक्षणों के लिए सैंपल मोहाली के पास सरकारी लैब में भेजेगा. इससे पहले पुलिस ने रविवार को कई लोगों से पूछताछ की. अंबाला के पास जारोन रोड पर गत गुरूवार को एक स्कॉर्पियो से अनुराधा के नाम का एक मेडिकल बिल मिला था. पुलिस के अनुसार यह बिल चंडीगढ़ के एक गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के केमिस्ट ने जारी किया है.
स्कॉर्पियो पर हाईकोर्ट का क्षतिग्रस्त स्टिकर लगा हुआ है. गाड़ी में आगे-पीछे नंबर प्लेट भी नहीं है. गाड़ी की हैडलाइट्स भी टूटी हुई हैं तथा आगे का टायर भी पंक्चर मिला है. इसका अभी पत नहीं चला है कि इस वाहन को यहां किसने छोड़ा. पुलिस के अनुसार यह गाड़ी पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट के एक वकील की है. इस वकील ने पुलिस को बताया है कि उसने यह गाड़ी अनुराधा को कुछ समय के लिए दी थी लेकिन उसने इसे लौटाया नहीं. इस पर उसने इस संबंध में पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी.
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन ने अनुराधा से शादी की थी. इसके लिए दोनों ने इस्लामा कबूल किया था. बाद में चंद्रमोहन ने अनुराधा को तलाक दे दिया था. अनुराधा मोहाली स्थित अपने घर में छह अगस्त को मृत पाई गई थीं.




