JharkhandKoderma

अतिक्रमण पर शिकंजा : झुमरी तिलैया शहर में बने अवैध निर्माण को तोड़ने की कार्रवाई शुरू

स्टेशन रोड स्थित देव श्री मार्केट के एक हिस्से को तोड़ा गया

Koderma. स्टेशन रोड स्थित देव श्री नामक मार्केट कॉम्प्लेक्स में बने अवैध निर्माण को उपायुक्त कोडरमा के आदेश पर ढहाने का कार्य सोमवार को शुरू किया गया. अवैध निर्माण तोड़ने के लिए जिला प्रशासन के द्वारा दंडाधिकारी के रूप में बाजार समिति के सचिव रवि शंकर की नियुक्ति की गयी थी.

दंडाधिकारी, नगर परिषद के विशेष पदाधिकारी कौशलेश कुमार, तिलैया थाना के एसआई ऋषिकेश सिन्हा समेत पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं नगर परिषद के कर्मियों ने इसमें हिस्सा लिया.

हालांकि इस दौरान कॉम्पलेक्स के मालिक प्रदीप खाटूवाला के द्वारा किसी प्रकार का कोई विरोध नहीं किया गया. नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि 31 दिसंबर को नगर परिषद के द्वारा कांप्लेक्स के मालिक को नोटिस देकर 6 जनवरी तक नक्शा के विपरीत बने मार्केट को तोड़ने का आदेश दिया गया था.

इस दौरान पांच जनवरी को कॉम्प्लेक्स के मालिक ने नगर परिषद को एक आवेदन देकर नक्शे के विपरीत बने अवैध निर्माण को खाली करने के लिए एक सप्ताह के समय की मांग की. इसके बाद भी कांप्लेक्स के मालिक के द्वारा नक्शे के विपरीत बने मार्केट को नहीं तोड़ा गया.

इसके बाद पुनः नगर परिषद ने 17 जनवरी को देव श्री कॉम्प्लेक्स के मालिक को पत्र भेजकर 18 जनवरी को प्रशासन के द्वारा अवैध निर्माण तोड़ने की सूचना दी. कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि नगर परिषद के द्वारा कांपलेक्स के लिए जी2 का नक्शा पास कराया गया था. जबकि कांप्लेक्स के मालिक के द्वारा नक्शे के विपरीत जी4 मार्केट कंपलेक्स का निर्माण कर लिया गया.

इसकी शिकायत एक व्यक्ति के द्वारा लोकायुक्त में की गयी थी. लोकायुक्त से उपायुक्त कोडरमा को प्राप्त निर्देश के आलोक में नगर परिषद के द्वारा यह कार्रवाई की गयी है. ज्ञात हो कि अवैध निर्माण को लेकर झुमरीतिलैया शहर में 22 साल बाद इस तरह की कार्रवाई हुई है. शहर के झंडा चौक पर वर्ष 1998 में भी इस तरह की कार्यवायी में तत्कालीन कार्यपालक पदाधिकारी केटीके राय ने सलूजा स्टोर्स नामक दुकान को तुड़वा दिया था.

Related Articles

Back to top button