JharkhandLead NewsRanchi

10 फरवरी को पारा शिक्षक घेरेंगे मुख्यमंत्री आवास

65 हजार पारा शिक्षकों को है हेमंत सरकार से उम्मीद

Ranchi : राज्य के 65 हजार पारा शिक्षक एक बार फिर हेमंत सरकार से अपनी मांगों को लेकर गुहार लगा रहे हैं. पारा शिक्षकों का कहना है कि पिछली सरकार ने उनकी मांगों को पूरा करने के लिए सिर्फ आश्वासन दिया लेकिन आज की स्थिति वही बनी हुई है. सेवा स्थायीकरण, नियामावली और वेतनमान में कुछ नहीं किया गया. इसके बाद राज्य भर के पारा शिक्षक आंदोलनरत हैं. पारा शिक्षक नेता संजय दुबे ने कहा कि यूपीए गठबंधन ने विधानसभा चुनाव के दौरान पारा शिक्षकों को स्थायी करने की बात कही थी. हालांकि, सरकार गठन के एक साल बाद भी पारा शिक्षकों के हाथ खाली हैं. एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा ने 17 जनवरी को सत्तापक्ष के तमाम विधायकों के आवास का घेराव किया. आगामी 24 जनवरी को मंत्रियों के आवास का घेराव होगा. 10 फरवरी को रांची स्थित मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने राज्यभर के पारा शिक्षक राजधानी पहुंचेंगे.

इनकी मांगों पर शिक्षा विभाग का कहना है कि वे सभी चीजों को देख रहे हैं. उनकी मांगों पर विचार किया जा रहा है. मुख्यमंत्री उनकी मांगों को लेकर गंभीर हैं और जल्द ही इस पर फैसला आने की उम्मीद है.

सीएम के साथ वार्ता बेनतीजा

पिछले सप्ताह एकीकृत पारा शिक्षक संघर्ष मोर्चा के नेताओं ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की थी. प्रोजेक्ट भवन में हुई बातचीत के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने सीएम को विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया. मुख्यमंत्री ने पारा शिक्षकों को उचित कदम उठाने का भरोसा दिलाया. पारा शिक्षकों ने माना कि मुख्यमंत्री का रुख सकारात्मक है. हालांकि प्रतिनिधिमंडल ने साफ कर दिया कि इस बार केवल आश्वासन से काम नहीं चलेगा. जिसके बाद मोर्चा ने आंदोलन की रूपरेखा तय की है.

विधायकों का मिल रहा समर्थन

मांडर विधायक मंत्री बंधु तिर्की ने पारा शिक्षकों की मांगों का समर्थन किया है. विधायक ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिख कर पारा शिक्षकों के स्थायीकरण, वेतनमान और नियामावली में आ रही दिक्कतों को दूर करने का आग्रह किया है. पत्र में उन्होंने लिखा है कि राज्य में करीब 65 हजार पारा शिक्षक हैं. 17 से 18 साल सेवा देने के बाद पारा शिक्षक स्थायीकरण को लेकर आंदोलनरत हैं. विधानसभा चुनाव के दौरान यूपीए के सभी घटक दलों ने पारा शिक्षकों के स्थायीकरण का वादा किया था.

रघुवर सरकार पर रोष

पारा शिक्षकों के नेता संजय दुबे का आरोप है कि पूर्व की सभी सरकारों ने उन्हें छला है. इस बार वे अपनी मांगों से पीछे नहीं हटेंगे. पूर्व की रघुवर दास की सरकार के समय में उच्च स्तरीय कमेटी का गठन भी किया गया. तत्कालीन विभागीय मंत्री नीरा यादव के साथ कई दौर की वार्ता भी हुई थी लेकिन कोई नतीजा नहीं निकला. वर्तमान हेमंत सोरेन की सरकार ने चुनाव के दौरान पारा शिक्षकों की समस्या दूर करने का वादा किया था. सरकार गठन के एक साल बाद भी पारा शिक्षकों की समस्याओं का निदान नहीं हुआ है. श्री दुबे ने बताया कि पिछले सप्ताह हुई मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा विभाग के अधिकारियों से वार्ता करेंगे.

पारा शिक्षकों की वर्षों से यह है मांग

सूबे के सभी 65 हजार पारा शिक्षकों के स्थायीकरण व वेतनमान की नियामवली लागू हो
अप्रशिक्षित व एनसी अंकित पारा शिक्षकों के विगत 1-9 माह से रोके गये मानदेय का भुगतान किया जाये
पलामू के छतरपुर व नौडीहा बाजार प्रखंड के 436 पारा शिक्षकों का अक्तूबर 2020 से रोके गये मानदेय का भुगतान किया जाये
पूर्वी सिंहभूम जिले के 69 सहित विभिन्न जिले के हजारों पारा शिक्षकों का बायोमैट्रिक उपस्थिति, शून्य उपस्थिति, विभागीय कारवाई

आदि का बकाया मानदेय दिया जाये

टेट विसंगति का मानदेय भुगतान किया जाये
भाजपा सरकार द्वारा विभिन्न जिलों के थानों में पारा शिक्षकों पर दर्ज मुकदमा को वापस लिया जाये

Related Articles

Back to top button