हाजीपुर/ सोनपुर : हाजीपुर-छपरा मुख्य मार्ग के पुराने गंडक पुल के पश्चिमी छोर पर मंगलवार की दोपहर अपराधियों ने स्टेट बैंक के कैश वैन पर धावा बोल कर 70 लाख रुपये लूट लिये. यह राशि स्टेट बैंक की हाजीपुर मुख्य शाखा से सोनपुर शाखा भेजी जा रही थी. इस दौरान अपराधियों ने वैन में सवार होमगार्ड के दोनों जवानों की राइफलें पुल से नीचे फेंक दीं और रिवाल्वर के बट से मार कर उन्हें घायल कर दिया. अपराधी कारबाइन से लैस थे. पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की मोटरसाइकिल बरामद की है. पुल के पास से एक संदिग्ध नीरज कुमार को हिरासत में लिया गया है.
प्रत्येक दिन की तरह मंगलवार को हाजीपुर स्थित स्टेट बैंक की मुख्य शाखा से सोनपुर शाखा के लिए नकद मार्शल जीप से ले जायी जा रही थी. गाड़ी में ड्राइवर अजय कुमार के अलावा सहायक कैशियर करुणोश कुमार और होमगार्ड के दो जवान सुनील कुमार सिंह और अनिल कुमार थे. पुराने गंडक पुल के सोनपुर छोर की ओर पहले से घात लगाये पांच अपराधियों ने गाड़ी को हाथ देकर रोका. गाड़ी के रुकते ही अपराधियों ने ड्राइवर के सिर पर पिस्तौल सटा दी. इसके बाद अपराधियों ने वाहन को अपने कब्जे में ले लिया और होमगार्ड के दोनों जवानों से राइफलें छीन कर पुल के नीचे फेंक दीं और रिवाल्वर के बट से मार कर घायल कर दिया.
अपराधियों ने दशहत फैलाने के इरादे से एक राउंड हवाई फायरिंग भी की. अपराधी सहायक कैशियर, होमगार्ड के दोनों जवानों और ड्राइवर को उतार कर गाड़ी समेत कैश बॉक्स लेकर भाग गये और अपनी मोटरसाइकिल वहीं छोड़ दी. बाद में अपराधियों ने मार्शल जीप को एनएच 19 (सोनपुर बाइपास) पर आनंदपुर के पास छोड़ दिया और कैश बॉक्स को तोड़ कर 70 लाख रुपये निकाल लिये और दूसरी गाड़ी से हाजीपुर की ओर ओर फरार हो गये.
घटना के बाद सहायक कैशियर ने अपने शाखा प्रबंधक को सूचना दी. शाखा प्रबंधक ने तत्काल इसकी सूचना नगर थाने को दी. घटनास्थल वैशाली पुलिस क्षेत्र में आता है और सोनपुर थाना क्षेत्र की सीमा पर है. सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के डीआइजी सुशील खोपड़े, वैशाली के एसपी उपेंद्र कुमार सिन्हा, हाजीपुर के डीएसपी कैलाश प्रसाद, सोनपुर के डीएसपी लालबाबू यादव,हाजीपुर के सदर थानाध्यक्ष संदीप कुमार सिंह, नगर थानाध्यक्ष केएम गुप्ता व सोनपुर के थानाध्यक्ष ओमप्रकाश घटनास्थल पर दल-बल के साथ पहुंच कर पूछताछ की.
जांच-पड़ताल के बाद डीआइजी सुशील खोपड़े ने बताया कि कुछ लोगों को चिह्न्ति किया गया है. उनकी तलाश की जा रही है. अपराधियों के हमले में घायल होमगार्ड के दोनों जवानों का इलाज सदर अस्पताल में कराया गया.




