लंदन: दक्षिण अफ्रीका के विकेटकीपर थामी सोलेकीले को इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट श्रृंखला में मार्क बाउचर की जगह लेने के लिये बुलाया गया है क्योंकि इस अनुभवी खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया.
बाउचर ने कल अपने 15 साल के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. उन्हें समरसेट के खिलाफ अभ्यास मैच में आंख में गंभीर चोट लग गयी थी जिससे उन्हें तीन घंटे की सर्जरी करानी पड़ी थी. बाउचर जल्द ही दक्षिण अफ्रीका लौट जायेंगे.
अगले हफ्ते ओवल में शुरु होने वाले तीन टेस्ट मैचों की श्रृंखला से पहले सोलेकीले को टीम में शामिल करने के लिये बुलाया गया है. क्रिकेट दक्षिण अफ्रीका के चयन समन्वयक एंड्रयू हडसन ने कहा, ‘‘थामी ने लायंस और दक्षिण अफ्रीका ए के लिये अच्छा प्रदर्शन किया है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘एबी डिविलियर्स भी टेस्ट श्रृंखला में विकेटकीपर की भूमिका निभा सकते हैं जिससे दौरे के चयनकर्ताओं को इसके लिये एक और विकल्प मिल जायेगा.’’ सोलेकीले तीन टेस्ट खेल चुके हैं और ये सभी उन्होंने 2004 में खेले थे जब बाउचर को टीम से बाहर रखा गया था.




