JharkhandLead NewsRanchi

पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों ने युवक को गला रेतकर मार डाला

  • हत्या का एक आरोपी फरार

Ranchi: रांची के हटिया हेसाग बस्ती स्थित 26 डिसमिल जमीन को लेकर हुए विवाद में पुलिस की मौजूदगी में अपराधियों ने एक युवक की चाकू से गला रेत कर हत्या कर दी. घटना रविवार दोपहर की बतायी जा रही है. मृतक का नाम अलाउद्दीन अंसारी उर्फ बब्लू अंसारी था. वह हेसाग बस्ती का ही रहने वाला था. जगन्नाथपुर थाने की पुलिस ने छापेमारी कर देर शाम मोख्तार नामक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

जानकारी के अनुसार अलाउद्दीन अंसारी की एक जमीन हेसाग बस्ती में 26 डिसमिल है. उस जमीन पर उनके मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य रिश्तेदारों ने कब्जा कर रखा है. इसको लेकर अलाउद्दीन और मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य लोगों के बीच विवाद चल रहा था.

उसी जमीन से कब्जा हटाने के लिए अलाउद्दीन अपने ससुर जाकिर अंसारी व पुलिस के साथ वहां गये. उन्होंने आरोपियों को जमीन से कब्जा हटाने को कहा. इस बात को लेकर दोनो के बीच विवाद हो गया. इसी बीच आरोपी मिथुन, मोख्तार, एजाज समेत अन्य लोग अलाउद्दीन और जाकिर पर टूट पड़े. लाठी से दोनो की पिटाई करने लगे. इसी बीच उन लोगों ने अलाउद्दीन पर चाकू से हमला कर दिया. उनका गला रेता और कई बार पेट में चाकू गोद दिया. अलाउद्दीन गंभीर रूप से घायल हो गये.

आनन-फानन में परिजन घायल अलाउद्दीन को रिम्स ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. सूचना मिलने के बाद जगन्नाथपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स में रखा है. मामले में अलाउद्दीन के ससुर के बयान पर 14 लोगों के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज की गयी है.

इसे भी पढ़ें :नहीं रहे फादर स्तानिसलास रूंडा, बिशप मास्करेहंस ने शोक प्रकट किया

हत्या के बाद सड़क पर उतरे लोग, हंगामा

अलाउद्दीन अंसारी की हत्या के बाद स्थानीय लोग सड़क पर उतर आए. आक्रोशित लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया. आरोपियों के घर में तोड़-फोड़ और जलाने का प्रयास किया. आक्रोशित लोग आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. हालांकि मौजूद लोग उन्हें समझा-बुझा कर शांत करने का प्रयास कर रहे थे.

बढ़ते हंगामे को देखते हुए हेसाग बस्ती में बड़ी संख्या में फोर्स की तैनाती कर दी गयी है. लोगों को यह आश्वासन दिया गया है कि एक आरोपी को पकड़ लिया गया है और बाकी को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जायेगा.

सुबह में भी हुआ था विवाद

हेसाग बस्ती की जमीन पर कब्जा को लेकर रविवार सुबह से ही दोनों परिवारों के बीच विवाद चल रहा था. सुबह में भी दोनों परिवार के बीच मारपीट हुई थी. हालांकि स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हो गया था. दोपहर में अलाउद्दीन जमीन पर कब्जा करने के लिए पुलिस को लेकर मौके पर पहुंच गया. इसके बाद विवाद बढ़ गया और मारपीट व छुरेबाजी हुई.

दोनों परिवार के बीच पहले भी हुआ है विवाद

स्थानीय लोगों के अनुसार आरोपी और मृतक के परिजनों के बीच कई साल से जमीन पर कब्जा को लेकर विवाद चल रहा था. हालांकि कुल 73 में से 26 डिसमिल जमीन की डिग्री अलाउद्दीन और उसके परिजनो को मिली है. इसके बावजूद तेजू अंसारी और उसके परिजन उस जमीन पर जबरन कब्जा कर लिया है. इसको लेकर दोनों परिवार के बीच कई बार मारपीट भी हो चुकी है.

बच्ची से दुष्कर्म केस में पिता है जेल में बंद

हेसाग बस्ती की एक बच्ची से दुष्कर्म के मामले में आरोपियों का पिता तेजू अंसारी जेल में बंद है. करीब दो साल से वह जेल में ही हैं. बताया जा रहा है कि दुष्कर्म की घटना को लेकर भी बस्ती में काफी हंगामा हुआ था. इसके बाद पुलिस ने आरोपी तेजू अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेजा थी.

14 के खिलाफ दर्ज कराया केस

अलाउद्दीन अंसारी की हत्या के बाद परिजनों ने 14 लोगों के खिलाफ जगन्नाथपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. आवेदन में मकसूद अंसारी, मोख्तार अंसारी, समसुद्दीन अंसारी, इरफान अंसारी, एजाज अंसारी, रेहान अंसारी, मंजर अंसारी, शमीम अंसारी, रफीक अंसारी, मकसूद आलम, इम्तियाज अंसारी, मैमिना खातून, समीद अंसारी, तैमुन निशा और सलीम अंसारी पर हत्या का आरोप लगाया गया है.

इसे भी पढ़ें :अर्बन हाट की बदहाली : 5 करोड़ खर्च कर सरकार ने असामाजिक तत्वों को दिया अय्याशी का अड्डा

Related Articles

Back to top button