नई दिल्ली, 12 मार्च | राष्ट्रपति प्रतिभा पाटील ने संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के ईमानदार एवं कुशल प्रशासन देने की प्रतिबद्धता को जाहिर करते हुए कहा कि देश की अर्थव्यवस्था जल्द ही चालू वित्त वर्ष के लिए अनुमानित सात फीसदी की जगह आठ से नौ फीसदी की विकास दर को पा लेगी। बजट सत्र के पहले दिन संसद के संयुक्त सत्र को सम्बोधित करते हुए पाटील ने सोमवार को कहा कि विश्व की अर्थव्यवस्था के लिए चालू वर्ष कठिन है और आर्थिक अनिश्चितताओं से पूरे विश्व के लोग प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा, “अंतर्राष्ट्रीय जगत में राजनीतिक अनिश्चितताएं एवं अशांति बढ़ गई है। पिछले एक वर्ष के दौरान हमारे सामने चुनौतियां बढ़ गई हैं। हमारी अर्थव्यवस्था 2010-11 के दौरान 8.4 फीसदी की दर से बढ़ी थी लेकिन इस वर्ष धीमी होकर यह सात फीसदी के करीब हो गई है।”
उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत है।
राष्ट्रपति ने कहा, “हमारी सरकार इस विषय में आश्वस्त है कि देश जल्द ही वापस आठ से नौ फीसदी की विकास दर पर अग्रसर होगा।”
उन्होंने कहा कि ईमानदार एवं कुशल प्रशासन देने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। (आईएएनएस)




