Uncategorized

खाद्य महंगाई दर -3.36 फीसदी हुई

नई दिल्ली, 5 जनवरी | खाद्य महंगाई दर 24 दिसम्बर को समाप्त सप्ताह में नकारात्मक रही और यह घटकर -3.36 फीसदी पर आ गई। खाद्य महंगाई दर में तेज गिरावट में सब्जियों, आलू और प्याज की कीमत घटने का महत्वपूर्ण योगदान रहा। इससे पिछले सप्ताह खाद्य महंगाई दर 0.42 फीसदी थी और पिछले साल की समान अवधि में खाद्य महंगाई दर 20.84 फीसदी थी।

साप्ताहिक आंकड़ें पर मंतव्य देते हुए केंद्रीय वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने कहा, “स्थिति में काफी सुधार हुआ है। पिछले कुछ साल में पहली बार खाद्य महंगाई दर नकारात्मक दर्ज की गई है।”

आलोच्य अवधि में सब्जियों की कीमत पिछले साल की समान अवधि की कीमत के मुकाबले आधी से कम थी।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी आंकड़े के मुताबिक प्याज की कीमत में पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 73.74 फीसदी गिरावट आई, जबकि आलू 34.01 फीसदी सस्ता हुआ।

पिछले करीब दो साल तक लगातार दहाई अंकों में या उसके आसपास बनी रहने के बाद खाद्य महंगाई दर में यह लगातार नौवें सप्ताह की गिरावट रही।

खाद्य महंगाई दर नवम्बर के दूसरे सप्ताह में इकाई अंक में दर्ज की गई थी। इससे पहले पांच नवम्बर को समाप्त सप्ताह में यह 10.63 फीसदी दर्ज की गई थी।

आलोच्य अवधि में प्राथमिक वस्तु सूचकांक में 0.10 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई, जिसमें पिछले सप्ताह 2.70 फीसदी वृद्धि दर्ज की गई थी। पिछले साल की समान अवधि में इसमें 22.68 फीसदी वृद्धि रही थी। प्राथमिक वस्तु सूचकांक का थोक मूल्यों पर आधारित सूचकांक में 20.12 फीसदी योगदान रहता है।

इसी अवधि में ईंधन और बिजली महंगाई दर में मामूली वृद्धि दर्ज की गई और यह 14.6 फीसदी रही, जो पिछले सप्ताह 14.37 फीसदी थी।

खाद्य महंगाई दर में हाल की गिरावट और समग्र महंगाई दर पर दबाव कम होने से भारतीय रिजर्व बैंक मुख्य नीतिगत दरों में कटौती की घोषणा कर सकता है।

बैंक ने पिछले माह मुख्य दरों में कोई बदलाव नहीं किया। इससे पहले उसने 2010 की शुरुआत के बाद से लगातार 13 बार दरों में वृद्धि की थी।

ताजा आंकड़ों के मुताबिक नवम्बर माह में थोक मूल्यों पर आधारित महंगाई दर 9.11 फीसदी थी।

खाद्य महंगाई सूचकांक के तहत आने वाली कुछ वस्तुओं की कीमतों में एक साल में आया उतार-चढ़ाव इस प्रकार है :

प्याज : (-) 73.74 फीसदी

सब्जी : (-) 50.22 फीसदी

फल : 10.87 फीसदी

आलू : (-) 34.01 फीसदी

अंडे, मांस, मछली : 13.82 फीसदी

अनाज : 1.97 फीसदी

चावल : 1.46 फीसदी

गेहूं : (-) 3.41 फीसदी

दालें : 13.85 फीसदी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button