
- घटना सिमरिया थाना क्षेत्र के बगरा मोड़ की
- घायल ऑटो चालक का किया जा रहा उपचार
Chatra: जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 100 पर स्थित बगरा बाजार में रंगदारी नहीं देने पर दबंगों ने ऑटो चालक की बेरहमी से पिटाई कर दी.
घटना में ऑटो चालक छोटे लाल साहू गंभीर रूप से जख्मी हो गया जिसे आनन-फानन में स्थानीय ग्रामीणों ने उपचार के लिए सिमरिया रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया.
स्थानीय दबंगों द्वारा ऑटो परिचालन के एवज में रंगदारी मांगे जाने का विरोध करने पर घटना को अंजाम दिया गया है. उसके बायें हाथ में गंभीर चोटें आयी हैं.
इसे भी पढ़ें – राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए अहम होगा देवघर एयरपोर्ट
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को ऑटो चालक ने बताया कि वह सवारी लेकर अपने गांव जा रहा था. इसी दौरान कुछ स्थानीय दबंग युवक मौके पर पहुंचे और उससे ऑटो परिचालन करने के एवज में 50 रुपये बतौर रंगदारी की मांग की.
इसका विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है. हालांकि बाद में अन्य ऑटो चालकों के विरोध के बाद दोनों ओर से जमकर हाथापाई भी हुई जिसके बाद सभी मौके से भाग निकले.
इधर घायल ऑटो चालक के बयान के आधार पर सिमरिया थाना पुलिस मारपीट की घटना को अंजाम देने वाले दबंगों के धरपकड़ को लेकर अभियान चलाने में जुट गयी है.
इसे भी पढ़ें –जमीन में गड्ढा खोदकर छुपायी गयी थी देसी शराब, पुलिस ने किया जब्त




