
Shrinagar: रमजान के पाक महीने में आतंकियों के खिलाफ केंद्र सरकार द्वारा सेना की तरफ से जारी संघर्ष विराम समाप्त हो चुका है. इसके साथ ही जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों का ऑपरेशन ऑलआउट एक बार फिर से शुरू हो गया है. ऑपरेशन शुरु होते ही सोमवार को सेना ने बिजबेहरा में आतंकियों के खिलाफ सर्च अभियान शुरु किया. खबर है कि बिजबेहरा इलाके में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना पर सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर रखा है. इधर बांदीपोरा में मुठभेड़ में दो आतंकी के मारे जाने की खबर है.
इसे भी पढ़ेंःजम्मू-कश्मीर : सीजफायर खत्म, गृह मंत्रालय का सेना को आतंकवादियों के खिलाफ ऑपरेशन तेज करने का आदेश
बांदीपुरा में दो आतंकी ढेर
बांदीपुरा में चल रहे ऑपरेशन में सेना ने दो आतंकियों को मार गिराया है. इसी ऑपरेशन में ही सेना ने 14 जून को दो आतंकियों को ढेर किया था. इसमें एक जवान भी शहीद हुआ था. ये ऑपरेशन बांदीपुरा के जंगल इलाके में हुआ है, बताया जा रहा है कि यहां पर लश्कर आतंकियों का एक ग्रुप छुपा हुआ है. सेना ने 12 जून को यहां पर ऑपरेशन शुरू किया था, जिसके बाद 14 जून को दो आतंकियों को मारा था. उसके बाद से ही यहां पर सर्च ऑपरेशन जारी है.
अमरनाथ यात्रा पर हमले की आशंका
अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की साजिश की खबर पर केंद्र सरकार और राज्य सरकार सतर्क है. संघर्ष विराम खत्म करने के निर्णय के पीछे अमरनाथ यात्रियों की सुरक्षा भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है. दरअसल एक महीने के ‘सीजफायर‘ के दौरान राज्य में आतंकी वारदातों में तेजी और 28 जून से शुरू हो रही अमरनाथ यात्रा पर आतंकी हमले की आशंका को देखते हुए केंद्र ने इसे आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया था. गौरतलब है कि सेना ने भी केंद्र से ऑपरेशन रोकने की मियाद नहीं बढ़ाने की अपील की थी.
सीजफायर के दौरान 50 आतंकी घटनाएं
16 मई को रमजान शुरू होने से ठीक पहले जब गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कश्मीर में युद्ध विराम का एलान किया था. इस एक महीने में कश्मीर में कुल 41 लोगों की आतंकियों ने हत्या की, जिसमें पत्रकार शुजात बुखारी और सैनिक औरंगजेब भी शामिल हैं. आतंकी वारदात में मारे गये लोगों में नौ सुरक्षाकर्मी शहीद हुए जिनमें से चार सैनिक थे. वही सीजफायर के दौरान 20 ग्रेनेड हमले और 50 आतंकी घटनाएं घटीं. इस दौरान 62 नागरिक और 29 जवान घायल भी हुए. एक महीने की अवधि में बीते दो साल में यह आंकड़ा सर्वाधिक है. वही एक महीने में बढ़ी आतंकी घटनाओं के कारण रविवार को गृहमंत्री ने ट्विट कर संघर्ष विराम जारी नहीं रखने की जानकारी दी.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




