Hazaribagh : एमू पक्षी के व्यवसाय से लाखों कमाने का सपना दिखाकर समृद्धि मनी मास्टर कंपनी झारखंड के लोगों के लगभग नौ करोड़ रुपये लेकर फरार हो गयी. अब भुक्तभोगी परेशान हैं. हजारीबाग के कोर्रा निवासी और कंपनी के फर्जीवाड़े के भुक्तभोगी राकेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2014 में हजारीबाग में इस कंपनी की लांचिंग हुई थी. उस समय डीसी मनीष रंजन ने इसका उद्घाटन किया था. हजारीबाग में ही यह कंपनी नौ लोगों को लाखों का चूना लगाकर भाग गई. यूपी में भी इस कंपनी ने फर्जीवाड़ा किया है और वहां से लगभग 20 करोड़ ठगकर भागी है. इस संबंध में भुक्तभोगी ने कोर्रा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज करायी है. प्राथमिकी में कंपनी के डायरेक्टर और प्रमोटर्स समेत 11 लोगों को नामजद बनाया गया है.
इसे भी पढ़ें – शराब के धंधे पर सरकारी सिंडिकेट का कब्जा, ठेंगे पर सरकारी नियम, बिना कैबिनेट की मंजूरी के बदल दिए जाते हैं कानून (1)
रमेश कुमार है कंपनी का डायरेक्टर 
समृद्धि मनी मास्टर कंपनी के जरिये ठगी का कारोबार करने का मास्टरमाइंड इसी कंपनी का डायरेक्टर रमेश कुमार है. राकेश ने बताया कि इस कंपनी के खिलाफ यूपी के इलाहाबाद में भी एक करोड़ की ठगी का मामला दर्ज है. उसके खिलाफ रामगढ़ के मांडू थाने में भी लाखों रुपए की ठगी का मामला दर्ज किया गया है. आरोपी रामगढ़ के मांडू का रहने वाला है. उसके कई राज नेताओ से संपर्क हैं जिसका वो फायदा उठा कर फरार हो जाता है. ठगी को अंजाम देने के बाद से वह फरार चल रहा है.
इसे भी पढ़ें – पॉलिटेक्निक मामला : SBTE ने छात्रों को जारी किये थे फर्जी सर्टिफिकेट, नामांकन के दौरान भी प्राइवेट कॉलेज का बताया था सरकारी नाम
अरगोड़ा थाने में भी प्राथमिकी
रमेश के खिलाफ अरगोड़ा थाने में भी पेटरवार के रहनेवाले अनुज कुमार ने मामला दर्ज कराया है. प्राथमिकी के अनुसार एमू पक्षी का कारोबार करने के लिए उसने किसानों से लाखों रुपये लिये. उसने अंडा और एमू का मीट बेचकर लाखों रुपये कमाने का सब्जबाग दिखाया था. लेकिन पैसे लेने के बाद वह ऑफिस और हैचरी बंद कर फरार हो गया. इसका कार्यालय कडरु स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास था. रमेश ने हैचरी पिस्का मोड़ में खोली थी जिसमें वह अंडे रखता था. अब उसने वह हैचरी बंद कर दी है. एमू का एक अंडा वह किसानों से एक हजार रुपये में खरीदता था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं





