
Ranchi : कांके थाना क्षेत्र से अपहृत जन्नत हुसैन का शव शनिवार को रातू थाना क्षेत्र के झिरी खदान से बरामद किया गया है. उसके अपहरण के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों जाकिर और बबलू को गिरफ्तार किया था. गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर ही झिरी खदान से जन्नत हुसैन का शव बरामद किया गया. दो चट्टानों के बीच शव फंसे होने के कारण पुलिस ने जेसीबी मंगवाकर शव को निकलवाया. शव बरामदगी को लेकर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया है.
गांव में ही कर दी गयी थी हत्या
जन्नत हुसैन घोड़ों के व्यवसाय से जुड़ा था और बाद में जमीन व्यवसाय के कारोबार में आया था. जन्नत का भतीजा गुलजार इस कारोबार में पैसा लगाता था. गुलजार जमीन का एग्रीमेंट कराता था, जबकि जन्नत उस जमीन को बेचता था. कांके थाना क्षेत्र में ही 14 कट्ठा जमीन को लेकर दोनों के बीच विवाद चल रहा था. इसी वजह से जन्नत की गोली मार हत्या कर दी गयी. गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि जन्नत हुसैन की हत्या जसपुर में ही एक जून को कर दी गयी थी. इसके बाद शव को छिपाने के लिए झिरी रिंग रोड के पास गड्ढ़े में छिपा दिया गया था.
ग्रामीणों ने किया था थाने का घेराव 
जन्नत हुसैन की अपहरण के बाद बरामदगी नहीं होने से आक्रोशित लोगों ने 2 जून चांदनी चौक जाम कर कांके थाना का घेराव किया था. परिजनों ने गांव के ही गुलजार पर मारपीट के बाद अपहरण का आरोप लगाया था. ग्रामीणों और परिजनों ने उसकी जानकारी देने वाले को इनाम देने की घोषणा करते हुए पोस्टर भी चिपकाया था. पोस्टर के माध्यम से अपील की गई थी कि जो भी उसकी जानकारी देगा, उसे इनाम दिया जायेगा. जन्नत हुसैन का शव मिलने के बाद चांदनी चौक और जसपुर में पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. इलाके में भारी आक्रोश के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. अब तक अपहरण का आरोपी गुलजार पुलिस की पहुंच से दूर है. आरोपी की गिरफ्तारी के पुलिस छापेमारी कर रही है.





