
-सिल्लीः 13510 वोट से जेएमएम ने आजसू को पछाड़ा
– गोमियाः 1344 वोट से जेएमएम ने आजसू को पछाड़ा
Akshay Kumar Jha
Ranchi: सूबे में करीब तीन साल से काबिज पूर्ण बहुमत वाली बीजेपी की रघुवर सरकार को जनता ने गोमिया-सिल्ली उपचुनाव में नकार दिया है. दोनों जगहों पर विपक्ष ने बड़े बेबाकी से अपना परचम लहराया है. सिल्ली में झामुमो की प्रत्याशी सीमा महतो ने आजसू के सुदेश महतो को 13510 वोट से हरा दिया है. गोमिया में झामुमो के प्रत्याशी बबिता देवी ने आजसू के प्रत्याशी लंबोदर महतो को करीब 1344 वोटों से मात दी.
पढ़ें, हार के मायनेः रघुवर के लिए बड़ा सबक और सत्ता से चिपके रहने की मोह ने सुदेश को कहीं का नहीं छोड़ा
महागठबंधन का फॉर्मूला उपचुनाव में सटिक बैठा. एनडीएन गठबंधन तोड़ चुनाव लड़ रही आजसू और बीजेपी को चुनावी नतीजों से काफी नुकसान होने वाला है. इस बात से विपक्ष के साथ-साथ दोनों पार्टी भी वाकिफ है. रघुवर सरकार के वजूद में आने के बाद सूबे में ये चौथा उपचुनाव होगा जो पूर्ण बहुमत वाली सरकार हारेगी. गौर करने वाली बात है कि चारों चुनाव में विपक्ष ने ही बाजी मारी. जिसमें से तीन बार जेएमएम ने जीत का पताका लहराया. जाहिर है कि इससे विपक्ष के साथ-साथ हेमंत सोरेन का कद काफी बढ़ा है.
गोमिया में जेएमएम का झंडा लहरा
गोमिया में सुबह गिनती शुरू होने के साथ ही बीजेपी ने बढ़त बनायी. लेकिन 10 वें राउंड की गिनती के बाद लगातार जेएमएम ने बढ़त बनाते हुए जीत दर्ज की. जेएमएम की यहां भी आजसू से ही टक्कर रही. दूसरे नंबर पर आजसू रही. बीजेपी तीसरे नंबर पर रही. गोमिया में बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत लगा दी थी. मुख्यमंत्री लगातार गोमिया में दौरा कर रहे थे. सरकार की योजनाओं का लाभ गिना रहे थे. अपनी पार्टी की जीत के लिए लोगों से वोट के लिए अपील कर रहे थे. लेकिन शायद गोमिया की जनता को रघुवर का उनके घर आना पसंद नहीं आया. यहां तीसरे पायदान पर बीजेपी के आने के बाद यह संदेश भी जा रहा है कि क्या अगले चुनाव में रघुवर दास को सीएम के तौर पर चेहरा स्थापित करेंगे.
सिल्ली में सुदेश चारों खाने चित
सिल्ली में एक बार फिर से आजसू चीफ सुदेश महतो ने मुंह की खायी है. वो जेएमएमए से 13510 वोट से हार गए. यहां आजसू की हार कई मायनों में राजनीतिक संदेश दे रही है. कहा जा रहा है कि वो राज्य के नेता के रूप में अपने आप को स्थापित करना चाह रहे थे, लेकिन अपना घर भी नहीं बचा पाए. अगर आजसू सिल्ली में जीत दर्ज करती तो आने वाले दिनों में सरकार पर आजसू की पकड़ और मजबूत होती. लेकिन ऐसा नहीं हुआ. ऐसे में 2019 चुनाव में आजसू को अपने आप को बनाए रखने के लिए काफी मेहनत की जरूरत पड़ेगी.
चुनावी आंकड़ा
@ सिल्ली- जेएमएम -77129, आजसू-63619, नोटा- 2357
@ गोमिया- जेएमएम – 60551, आजसू- 59207, बीजेपी- 42037, नोटा- 3851
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




