
Chatra : राजनीति का खेल सबसे जुदा होता है. ना तो इसमें कोई सगा भाई होता है और ना ही कोई हमदर्द. प्रतापपुर के गजवा पंचायत के मुखिया चंद्रिका प्रसाद यादव हत्याकांड में ऐसी ही खुदगर्जी का मामला प्रकाश में आया है. राजनीतिक स्वार्थ की खातिर सगे भाई राजेंद्र यादव व मुखिया के हमदर्द कहे जाने वाले पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता ने हत्या की साजिश रच कर शार्प शूटर आरजू खान से उसकी हत्या करवा दी. हत्या के बाद बचने की खातिर इन लोगों ने पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, उनके परिजन व सहयोगियों का नाम एफआईआर में दर्ज करवा कर मामले को भटकाने का भी अथक प्रयास किया. लेकिन चतरा के एसपी अखिलेश बी वारियर के कुशल नेतृत्व में मामले की गुत्थी महज 3 माह में ही सुलझा ली गई. हत्या में मुखिया के सगे भाई राजेंद्र यादव एवं पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद भोक्ता का नाम आने से क्षेत्र के लोग हैरान हैं. मगर इस बात का खुलासा किसी और ने नहीं बल्कि पुलिस के हत्थे चढ़े सुपारी किलर आरजू खान ने 8 पन्ने के स्वीकारोक्ति बयान में किया है कि हत्या की साजिश मुखिया के सगे भाई राजेंद्र यादव ने पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता के साथ मिलकर रची थी.
पुलिस के हत्थे चढ़े आरोपी का खुलासा
2001 जुलाई माह में कोलकाता खिदिरपुर के कारखाना समीप एक व्यापारी वसीम खान की हत्या के आरोप में 8 साल तक की सजा पाने वाले आरोपी आरजू खान ने मुखिया हत्याकांड की जिम्मेदारी लेते हुए अपने इकबालिया बयान में कहा कि मुखिया के क्रियाकलाप से तंग आकर मैंने उसे हत्या करने का मन बना लिया था. इसी क्रम में 9 जुलाई 2017 को गजवा बाजार पर पूर्व मंत्री सत्यानंद भोक्ता आए थे तो मुखिया चंद्रिका के भाई राजेंद्र यादव ने बाजार से सटी चहारदीवारी में ले जाकर उनसे जान-पहचान करवायी. पूर्व मंत्री भोक्ता द्वारा राजेंद्र यादव का कंधा पर हाथ रखकर मुझे बोला की आरजू देखो राजेंद्र मेरा छोटा भाई है यह जो कुछ भी बोलता है सुनो. और अगला मुखिया गजवा पंचायत का यही बनेगा. राजेंद्र यादव को चंद्रिका बहुत ही तंग व गाली गलौज करता है. बेजवह बेइज्जत और मारपीट तक कर देता है. आरजू खान ने ये भी बयान में कहा है कि शराब के नशे में राजेंद्र यादव ने मुझसे कई बार संपर्क कर अपने भाई चंद्रिका यादव को शूट करने का आग्रह किया. जिसपर आरजू खान में घटना को अंजाम देने में हामी भर दी. तभी राजेंद्र यादव ने कहा यह काम कौन करेगा तो आरजू खान ने बताया कि कुछ लोग हैं जो पैसे लेकर इस काम को कर देंगे.
10 लाख में तय हुई थी हत्या की डील
आरजू खान ने बयान में कहा है कि राजेंद्र यादव ने पूछा था कि कितना खर्च होगा तब मैंने 10 लाख का खर्च बताया. इसी बीच राजेंद्र यादव ने कहा कि एकमुश्त नहीं मिलेगा. फिलहाल मैं कुछ एडवांस करवा देता हूं, बाकी काम होने पर मिल जाएगा. साथ ही यह भी आश्वासन दिया कि जो भी काम करेगा उसका नाम प्राथमिकी में नहीं आएगा और किसी प्रकार की गड़बड़ी होने पर उसकी सारी जिम्मेदारी मुझ पर होगी. मुखिया चंद्रिका यादव के भाई राजेंद्र यादव को मुखिया बनने की इच्छा जागृत होने लगी थी. और उन्होंने गजवा बाजार से सफेद सैलून गुमटी के पीछे आरजू खान को दोपहर 3:30 बजे बुलाकर एक प्लास्टिक के पॉलिथीन में 4 लाख रुपये दिये और कहा कि जितनी जल्दी हो सके एक-दो दिन के अंदर काम करवा दीजिए. घटना के 2 दिन पूर्व राजेंद्र यादव ने मुझे अपना मोबाइल नंबर 990 6098 9496 से मेरे मोबाइल नंबर 95 4650 9207 पर फोन कर मुखिया की रेकी शुरू कर मुझे बताया. उस दिन मैं कोशिश नहीं कर सका. पुन: 20 जनवरी 2018 को गजवा पंचायत भवन में कार्यकारिणी की बैठक कर रहे मुखिया की जानकारी मुझे दी गई और बताया गया कि आज काम पूरा कर देना है तब मैंने कहा कि मेरे पास हथियार नहीं है इसी बीच अब्दुल बारी ने हमें घर से लाकर रामकुमार साहू के घर पीछे ले जाकर एक कट्ठा और तीन कारतूस दिया. तब मैं, जुबेर खान तथा कैलू खान उर्फ इकबाल खान जो पास में ताश खेल रहा था उनको इशारा कर अपने पास बुलवाया तथा दोनों को केवलिया मोड़ होते हुए बरवाकोचवा रोड में आने को बोला.
इसे भी पढ़ें- उग्रवादियों का दुस्साहस : पानी संग्रह समिति के सचिव की पीट-पीटकर की हत्या
मुखिया के सिर पर मारी गई थी गोली
बयान में आरजू खान ने कहा है कि ‘आगे मुझे जुबेर खान बोला कि रुस्तम खान और कैलु को बाजार रोड में निगरानी करने को बोल देते हैं. मैंने घर जाकर अपने चचेरा भाई इरफानुर्रहमान उर्फ इरफान को बोला कि मोटरसाइकिल स्टार्ट करो 5 मिनट में पास से आते हैं. इरफान सिल्वर रंग का पैशन प्लस मोटरसाइकिल से बरवाकोचवा रोड में पहुंचा जहां पर जुबेर तथा कैलु खान पहले से पहुंच चुके थे.10 मिनट बाद मुखिया चंद्रिका मोटरसाइकिल से आते दिखाई दिया मैंने जुबेर तथा कैलु खान को सड़क के किनारे जाने को कहा. मुखिया जी अब मेरे पास आए तो मैं उनको रोका तो उन्होंने मोटरसाइकिल रोक दिया. पीछे से जुबैर और कैलु खान ने आकर मुखिया को घेर लिया मैंने उससे पूछा कि मेरे बहनोई को क्यों मरवाया ? तुम्हारा क्या बिगाड़ा था ? तुम मुझको पंचायत में बराबर बेइज्जती करते रहते थे इसी बीच कल्लू खान ने मुखिया को गर्दन पकड़ कर बोला कि तुम मुझे पंचायत में सबों के सामने थूक क्यों कटवाया था. अब तुम चाटो. फिर मैंने अपने कमर में रखा पिस्तौल निकालकर मुखिया के सिर पर गोली मार दी और मुखिया वहीं पर गिर पड़ा. उसके बाद मैं इमामगंज शेरघाटी होते बिहार चला गया फिर गया जंक्शन होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हो गया तथा दिल्ली में लुक छिप कर रहने लगा. मुझे पता चला कि मेरा नाम भी केस में चला गया है तो मैने नया मोबाइल नंबर 9114199018 ले लिया. कुछ दिन तक इधर उधर भागता फिरता रहा तथा हार थक कर मैं अपने घर पर ग्राम गजवा में रहने लगा इसी बीच पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया.
पूर्व मंत्री ने कहा ‘मैं आरजू खान को न जानता और न पहचानता हूं’
इस हत्याकांड में नाम आने पर पूर्व मंत्री ने इसमें अपना हाथ होने से साफ इन्कार कर दिया है. इतना ही नहीं उन्होंने ये भी कहा है कि मैं आरजू खान को न जानता हूं और न पहचानता हूं. उन्होंने इसे साजिश के तहत छवि खराब करने की कोशिश करार दिया है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




