
Ranchi : एक कैदी जिसने लगभग दो दशक तक अपनी ज़िंदगी काली कोठरी में काटी हो, वह अब दुनिया की चकाचौंध नहीं, बल्कि जल्दी से किसी के साथ सात फेरे लगाना चाहता है. गुरुवार को रांची के खेलगांव स्थित बिरसा मुंडा कारागार से रिहा हुए शिवनाथ सिंह की खुशी उस वक्त और भी दोगनी हो गयी. जब उनसे पूछा गया कि रिहाई के बाद अब आप क्या कीजिएगा. बस फिर क्या था , सवाल पूछते ही शिवनाथ सिंह खिलखिलाते हुए कहते हैं कि जल्दी से अपनी शादी करेंगे और इसके लिए हमने तैयारी भी पूरी कर ली है. बस लड़की की तलाश कर रहे हैं, मिलते ही उसके संग शादी रचा लेंगे. शिवनाथ गुरुवार को रांची के जेल से रिहा हुए उन 87 कैदियों में शामिल हैं, जिन्हें सरकार द्वारा जेल में उनके अच्छे व्यवहार के आधार पर रिहा करने का फैसला लिया गया था.
इसे भी पढ़ें – हटिया डैम से नहीं मिलेगा रांचीवासियों को पानी, स्मार्ट सिटी व ग्रेटर रांची को होगी जलापूर्ति
जेल की 64 हजार की कमाई से लगायेंगे शमियाना
45 वर्षीय शिवनाथ सिंह सिमडेगा के बोलबा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. 17 साल पहले हत्या के आरोप में इन्हें उम्रकैद की सज़ा सुनाई गई थी. फिलहाल परिवार में शिवनाथ को छोड़, दो भाई और पिता हैं. जबकि जेल जाने के कुछ साल बाद ही मां का निधन हो गया था. विवाह करने की उत्सुकता पर शिवनाथ कहते हैं कि मैंने शादी के लिए पैसों का भी इंतेजाम कर लिया है. बस परिवार वालों को लड़की ढ़ूंढनी है. उन्होंने कहा कि मैंने जेल में साबुन, कपड़ा और कॉपी बनाकर कुल 64,392 रुपए जमा किया है.अब शिवनाथ का इरादा इन्हीं पैसों से अपना ब्याह रचाने का है.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




