
Ranchi : नगर निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को चुनाव कर्मियों की ट्रेनिंग बिरसा मुंडा स्टेडियम में शुरू हुई. मास्टर ट्रेनरों ने चुनाव कर्मियों को ईवीएम के संबंध में विस्तार से जानकारी दी. पहले दिन 2060 पीठासीन पदाधिकारी और पोलिंग अफसरों को ट्रेनिंग दी गयी. आधिकारिक सूत्रों के अनुसार लगभग 10 हजार चुनाव कर्मियों को मतदान कार्यों में लगाया जाना है. रांची नगर निगम सहित राज्य के 34 नगर निकायों के चुनाव के लिए 16 अप्रैल को मतदान होना है. सूत्रों ने बताया कि पहले दिन 60 मास्टर ट्रेनरों ने कर्मियों को प्रशिक्षण दिया. हाल ही में इन मास्टर ट्रेनर्स को विकास भवन में प्रशिक्षण दिया गया था. मालूम हो कि पहले प्रशिक्षण 28 मार्च को शुरू होना था. लेकिन स्टेडियम में जगह खाली नहीं होने के कारण प्रशिक्षण की तिथि को बढ़ाकर तीन अप्रैल कर दिया गया.
दूसरे चरण का प्रशिक्षण 7 से 9 अप्रैल तक चलेगा
दूसरे चरण का प्रशिक्षण 7 से 9 अप्रैल तक चलेगा. 7 अप्रैल को सुबह 10 बजे से 12 बजे तक पीठासीन अधिकारी, 12:30 से दो बजे तक प्रथम मतदान अधिकारी और दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक द्वितीय मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा. 8 अप्रैल को तीनों पालियों में द्वितीय मतदान अधिकारियों का प्रशिक्षण होगा. 9 अप्रैल को प्रथम पाली में दिन के 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तृतीय मतदान अधिकारी को प्रशिक्षण दिया जाएगा. यही प्रशिक्षण प्राप्त चुनावकर्मी बूथों पर चुनाव कराने के लिए पहुंचेंगे.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




