National

राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, एमपी, दिल्ली और बंगाल में एनडीए की आंधी, 341 सीटों पर आगे, 90 सीटों पर यूपीए   

NewDelhi :  लोकसभा चुनाव 2019  चुनाव में पहले राउंड की गिनती पूरी हो चुकी है. राजस्थान, बिहार, महाराष्ट्र, एमपी, दिल्ली और वेस्ट बंगाल में एनडीए को बड़ी सफलता मिलती नज़र आ रही है. भाजपा नीत एनडीए 341 सीटों पर आगे चल रहा है जबकि 90 सीटों पर यूपीए. अन्य दल 111 सीटों पर आगे हैं. यूपी की 80 में से 52 सीटों पर एनडीए आगे है, जबकि 15 पर बसपा और 10 सीटों पर सपा आगे चल रही है.

हालांकि यूपी में 2014 के मुकाबले भाजपा की सीटें घट रहीं हों. एमपी की 29 सीटों में से 27, राजस्थान की 25 में से 24, बिहार की 40 में से 37, दिल्ली की सभी 7 और और वेस्ट बंगाल की 15 सीटों पर बीजेपी और एनडीए की पार्टियां बढ़त बनाए हुए हैं.

बता दें कि वाराणसी से नरेंद्र मोदी, गांधीनगर से अमित शाह, उन्नाव से साक्षी महाराज, बेगूसराय से गिरिराज सिंह और फिरोजपुर से सुखबीर सिंह बादल आगे चल रहे हैं. अपना दल की अनुप्रिया पटेल भी मिर्जापुर से आगे चल रही हैं. राहुल गांधी वायनाड सीट पर बढ़त बनाए हुए हैं.

मोदी, वरुण, सोनिया और राजनाथ आगे

यूपी की प्रमुख सीटों की बात करें तो मथुरा से हेमा मालिनी, आजमगढ़ से अखिलेश यादव, गोरखपुर से रवि किशन, बरेली से संतोष गंगवार, अमेठी से स्मृति ईरानी, वाराणसी से नरेंद्र मोदी, पीलीभीत से वरुण गांधी, रायबरेली से सोनिया गांधी, लखनऊ से राजनाथ सिंह आगे चल रहे हैं. मैनपुरी से मुलायम सिंह यादव और कन्नौज से डिंपल यादव भी आगे चल रही हैं.

सात चरणों में हुआ मतदान

542 सीटों वाले लोकसभा के लिए सात चरणों में मतदान हुए थे. पहले चरण के तहत 20 राज्यों की 91 सीटों पर 11 अप्रैल को वोटिंग हुई. दूसरे चरण के तहत 12 राज्यों की 95 सीटों पर 18 अप्रैल को वोट डाले गए. 23 अप्रैल को तीसरे चरण की वोटिंग हुई, जिसमें 15 राज्यों की 117 लोकसभा सीटों के मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया.

चौथे चरण में 29 अप्रैल को 9 राज्यों की 71 सीटों पर मतदान हुए. फिर 6 मई को पांचवें चरण के तहत 7 राज्यों की 51 सीटों पर वोटिंग हुई. 12 मई को छठे चरण के तहत 7 राज्यों की 59 सीटों पर वोट डाले गये. 19 मई को आखिरी चरण में 8 राज्यों की 59 सीटों पर मतदान हुआ था.

Related Articles

Back to top button