Uncategorized

ग्रामीण क्षेत्रों में सहिया की भूमिका अहम : डीसी

गिरिडीह : स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को धरातल पर उतारने में सहिया की सक्रिय भूमिका होती है। इन सहिया बहनों को उनके कार्यों के अनुरूप नियमित मानदेय नहीं मिल पा रहा है। उक्त बातें गिरिडीह के उपायुक्त डॉ मुकेश कुमार वर्मा ने कही। वे शनिवार को स्थानीय नगर भवन में आयोजित जिला स्तरीय सहिया सम्मेलन में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।

उन्होंने कहा कि सहिया बहनों को कार्यक्रम के अनुसार मानदेय का प्रावधान है, जो काफी अल्प होता है। सहिया बहनों को नियमित मानदेय मिलना चाहिए, ताकि वह अपने परिवार की देखभाल सही तरीके से कर सकें।

वहीं कार्यक्रम में उपस्थित धनवार के विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि सहिया विपरित परिस्थितियों में भी बिना मानदेय के नि:स्वार्थ भाव से अपनी सेवा देती है। उन्होंने कहा कि वे विधानसभा सत्र के दौरान सहिया को मानदेय देने की मांग करेंगे।

इसके पूर्व कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन मुख्य अतिथि उपायुक्त डॉ मुकेश कुमार वर्मा, विधायक राजकुमार यादव, नगरपर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव, उपाध्यक्ष राकेश मोदी, सिविल सर्जन डॉ सिद्धार्थ सान्याल, माले नेता राजेश यादव ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

इस दौरान नगरपर्षद अध्यक्ष दिनेश यादव ने कहा कि सहिया बहनें समाजसेवा का काम करती हैं। उन्होंने विधायक से सहिया को उनके उचित हक को दिलाने की मांग की। वहीं सिविल सर्जन डॉ सिद्धार्थ सान्याल ने कहा कि सहिया स्वास्थ्य विभाग के संदेशों और योजनाओं को ग्रामीण क्षेत्र में पहुंचाती रहें। सरकार उनकी कार्यशैली पर निगाह रख रही है। कहा कि समय आने पर सभी सहिया को उनका हक मिलेगा।

उन्होंने सहिया के कार्यों को भी विस्तार से बताया। इस दौरान जिले में बेहतर सेवा देने के लिए ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण समिति की अघ्यक्ष और सहिया को पुरस्कार भी दिया गया। सभी सहिया और अध्यक्ष को अतिथियों ने पुरस्कृत किया।

मौके पर डीपीएम राजवर्धन प्रसाद, सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, बीटीटी, डीआरपी, एसटीटी, बीपीएम, बाम, डीपीसी सहित सभी प्रखण्डों से आयी सहिया साथी उपस्थित थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button