News Wing Daltonganj, 28 October: नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के द्वारा बीए पार्ट थ्री का परीक्षा परिणाम घोषित होने के तीन माह बाद भी मूल अंक पत्र नहीं आने से परीक्षा में सफल छात्रों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. मूल अंक पत्र के अभाव में यहां के छात्र-छात्राओं का अन्यत्र नामांकन नहीं हो पा रहा है. विज्ञान का परीक्षा परिणाम पांच अगस्त को और आर्टस का 24 अगस्त को घोषित किया गया था, लेकिन विश्वविद्यालय की लापरवाही से अभी तक मूल अंक पत्र तैयार नहीं हो पाया है.
मूल अंक पत्र जमा नहीं होने से परीक्षा से वंचित छात्र
इस संबंध में जनता शिवरात्रि कॉलेज के छात्र आनंद कुमार व जीएलए कॉलेज के छात्र सूरज कुमार ने बताया कि बीएड की पढ़ाई हेतु छत्तीसगढ़ के दुर्ग यूनिवर्सिटी के डॉ. राजेन्द्र प्रसाद बीएड कॉलेज में नामांकन मिलने के बाद तय समय के भीतर मूल अंक पत्र जमा नहीं कर पाने के कारण फर्स्ट सेमेस्टर की परीक्षा से वे वंचित किये जा सकते हैं. इतना ही नहीं उनका नामांकन भी रद्द हो सकता है.
विश्वविद्यालय नहीं दे रहा कोई संतोषजनक जवाब
छात्रों का कहना है कि विश्वविद्यालय अब भी इस सिलसिले में कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहा है. उन्होंने परीक्षा नियंत्रक से मिलकर मूल अंक पत्र यथाशीघ्र दिलाने की दिशा में पहल करने की मांग की है. गौरतलब है कि नीलाम्बर-पीताम्बर विश्वविद्यालय के द्वारा परीक्षा व रिजल्ट विलंब से देने के कारण पलामू प्रमंडल के छात्र-छात्राओं को बाहर जाकर उच्च शिक्षा ग्रहण करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.




