नई दिल्ली : संचार और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि अगले तीन से साढ़े तीन साल में 7.5 लाख किलोमीटर तार बिछाकर सभी गांवों तक ब्रॉडबैंड पहुंचाने का प्रस्ताव है। मंत्रालय ने रविवार को यह जानकारी एक बयान में दी। प्रसाद ने कहा, “परियोजना का मकसद आम लोगों का डिजिटल सशक्तीकरण है। यह क्रांतिकारी होगा।”
बयान के मुताबिक शनिवार को प्रथम माईगव संवाद कार्यक्रम में डिजिटल भारत परियोजना पर राय देने वालों से बातचीत करने के दौरान प्रसाद ने यह बात कही।
माईगव वेबसाइट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 जुलाई को लांच किया था। इस पर आम आदमी अपनी राय भेज सकता है।
बयान के मुताबिक कुल 40 सुझावों में से सर्वोत्तम 20 सुझाव देने वालों को मंत्री ने सम्मानित भी किया।
प्रसाद ने कहा कि प्रौद्योगिकी ताकत से आम आदमी को परिचित कराने की जरूरत है।
मंत्री ने कहा कि देश में इंटरनेट उपयोग करने वालों की संख्या करीब 30 करोड़ है। यह संख्या अमेरिका से भी आगे बढ़ने वाली है, जो इस मामले में चीन के बाद दूसरे स्थान पर है।
प्रसाद ने कहा कि देश में इलेक्ट्रॉनिक विनिर्माण को भी बड़े पैमाने पर बढ़ावा दिया जा रहा है। (आईएएनएस)




