
Ranchi: झारखंड जनता कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी डॉ आनन्द कुमार शाही ने आंगनबाड़ी सेविका सहायिकाओं की सभी मांगों को जायज बताते हुए उनका समर्थन किया है. झारखंड के मुख्यमंत्री को एक पत्र लिखकर सभी मांगों को पूरा करने की अपील भी की है. साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर उग्र आन्दोलन की चेतावनी दी है. डॉ शाही ने कहा कि झारखण्ड राज्य में सभी आंगनबाड़ी सहायिका सेविकाएं प्रत्येक दिन समय पर पूरे राज्य में समान ड्यूटी करती हैं लेकिन उनका मेहनताना नहीं मिल पाता है, महंगाई में घर खर्च चलाना मुश्किल हो गया है, अगर राज्य के सभी ग्रामीण इलाकों में आंगनबाड़ी केन्द्रों में ताला बंद होता है, तो गरीब बच्चों की पढ़ाई और पोषाहार पर बहुत असर पड़ेगा, राज्य के सभी आंगनबाड़ी सहायिका सेविकाओं की मांग जायज है.
आंगनबाड़ी सहायिका सेविकाओं की मांगें ः
आंगनबाड़ी सेविकाओं को 21 हजार, सहायिकाओं को 15 हज़ार वेतन मिले और पोषण सखी के लिए नियमावली बने
सेविका –सहायिका को सरकारी कर्मचारी घोषित करते हुए वेतनमान निर्धारित किया जाय
आंगनवाड़ी कर्मचारियों को महंगाई भत्ता, चिकित्सा भत्ता, यात्रा भत्ता व मोबाईल भत्ता दिये जायें
सेविकाओं को वरीयता के आधार पर पर्यवेक्षिका में प्रमोशन दिये जायें
बर्खास्त सेविकाओं व सहायिकाओं को सेवा में वापस लिया जाय
सेविका सहायिका व पोषण सखी का अविलम्ब बीमा कराया जाय
डॉ आनन्द कुमार शाही ने कहा कि इनकी मांगों को पूरा किया जाये. अगर इनकी मांग पूरी नहीं की गयी तो सरकार और जनता दोनों कि समस्या बढ़ती जायेगी. जनता कांग्रेस पार्टी झारखण्ड मांग करती है कि इनकी सभी लिखित मांगे पूरी की जाये नहो तो पार्टी बड़े पैमाने पर उग्र आन्दोलन, चक्का जाम और धरना प्रदर्शन करेगी.




