Satyaprakash prasad
Ranchi, 1 September: राज्य में प्लस टू लेवल पर शिक्षा का स्तर सुधरने वाला है. साथ ही ऐसे बेरोजगार के लिए खुशखबरी है जो शिक्षा के क्षेत्र में नौकरी चाह रहे थे. झारखंड सरकार इस महीने से प्लस टू शिक्षक नियुक्ति आरंभ करने जा रही है. कुल 3008 शिक्षकों की नियुक्ति झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) के माध्यम से होगी. इस दिशा में स्कूल शिक्षा विभाग ने नियुक्ति संबंधित सारी जानकारियां राज्य के कर्मचारी चयन आयोग को उपलब्ध करा दी है. विभाग के सचिव अराधना पटनायक ने बताया कि बहाली प्रक्रिया छह महीने के अंदर पूरी कर ली जाएगी.
पहली बार इतने बड़े पैमाने पर प्लस टू शिक्षकों की नियुक्ति
इससे पहले प्लस टू के लिए 513 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया तकरीबन पूरी कर ली गयी है. कट ऑफ लिस्ट इसी महीने निकाला जाना है. इसमें इतिहास, भौतिकी और रसायण विषय को शामिल किया गया था. लेकिन, यह पहली बार होगा जब राज्य में इतने बड़े पैमाने पर प्लस टू शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया होगी. जिसमें वाणिज्य, गणित, भूगोल आदि महत्वपूर्ण विषय को भी शामिल किया गया है.
89 मॉडल स्कूलों के लिए 979 प्लस टू शिक्षकों की नियुक्ति शुरू
अगस्त महीने में ही स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग ने मॉडल स्कूलों के लिए 979 शिक्षकों की बहाली प्रकिया शुरू कर दी थी. इस नियुक्ति के लिए राज्य कर्मचारी आयोग ने सारी तैयारी पूरी कर ली है. जल्द ही जेएसएससी के माध्यम से विज्ञापन प्रकाशित किया जायेगा.
क्या कहती हैं सचिव
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की सचिव आरधना पटनायक ने बातया कि हाईकोर्ट में हाईस्कूल के शिक्षकों केस में सरकार की जीत हुई है. हाई स्कूल शिक्षकों की नियुक्ति प्रक्रिया आरंभ कर दी गयी है. कुल 17 हजार शिक्षकों के लिए जल्द ही जेएसएससी परीक्षा लेगा. हाईस्कूलों के बाद सबसे ज्याद शिक्षकों की कमी प्लस टू स्तर पर है. इसके लिए भी सरकार ने प्रक्रिया आरंभ कर दी है. कुल 3080 शिक्षकों की बहाली प्रक्रिया छह महीने के अदंर पूरा कर ली जाएगी.




