News Wing Ranchi, 15 October: चेक गणराज्य और जापान के पांच दिवसीय दौरे के बाद मुख्यमंत्री रघुवर दास झारखंड लौट आये हैं. मुख्यमंत्री अपने साथ चेक और जापानी उद्यमियों का भरोसा और आश्वासन लेकर लौटे हैं. सब कुछ ठीक ठाक रहा तो झारखंड में दोनों देशों के उद्यमियों का जो निवेश होगा उससे राज्य के 20 हजार युवाओं को रोजगार मिलेगा. शनिवार की रात मुख्यमंत्री अपने अधिकारियों के दल के साथ भारत लौट आये. रविवार की दोपहर को मुख्यमंत्री वापस रांची लौट आये.
चेक गणराज्य में 74 करोड का एमओयू
लगभग डेढ़ करोड़ की आबादी वाले चेक गणराज्य से झारखंड सरकार को काफी उम्मीदें हैं. चेक गणराज्य के दो शहरों प्राग और बर्नो का मुख्यमंत्री रघुवर दास के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने दौरा किया था. रघुवर दास ने चेक गणराज्य के निवेशकों के साथ बैठक कर झारखंड में निवेश करने न्योता दिया था. मुख्यमंत्री ने चेक गणराज्य के उपराष्ट्रपति इवो ब्रेकवीथ से भी मुलाकात की थी. चेक की होम क्रेडिट कंपनी झारखंड में निवेश करने की घोषणा की. होम क्रेडिट कंपनी ने इसके लिए झारखंड सरकार के साथ 74 करोड का एमओयू भी किया है. यह कंपनी उपभोक्ता को टिकाउ सामान, दो पहिया वाहन और हाउसिंग के लिए होम क्रेडिट लोन देती है.
टॉस कुरीम और जेडास भी कर सकती है निवेश
मुख्यमंत्री ने अपने दल के साथ चेक गणराज्य की मशीन टूल्स बनाने की नामी गिरामी कंपनी टॉस कुरीम और विश्व की प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग कंपनी जेडास की फैक्ट्री का भी दौरा किया था और वहां के उच्चाधिकारियों के साथ बैठक कर झारखंड में निवेश करने की अपील की थी. जेडास कंपनी के ट्रेनर झारखंड की फैक्ट्रियों के अलावा मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों में काम कर रहे वकर्स को प्रशिक्षण देंगे. टॉस कुरीन और एचईसी के साथ ज्वाइंट वेंचर की संभावना पर भी विचार विर्मश किया गया. दोनों कंपनियों के प्रतिनिधियों ने झारखंड में निवेश का भरोसा दिया. मुख्यमंत्री के दल ने 9 अक्टूबर से लेकर 10 अक्टूबर तक चेक गणराज्य के दो शहरों का दौरा किया था.
जापान से झारखंड को काफी उम्मीदें, स्टील उद्योग में निवेश का भरोसा
11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री का दल जापान की राजधानी टोक्यो पहुंचा था. जापान में भारत के राजदूत सुजान आर चिनॉय के साथ मुख्यमंत्री ने जापान के निवेशकों के साथ डिनर डिप्लोमेसी के साथ बैठक की. 12 अक्टूबर को मुख्यमंत्री ने जापान की 9 दिग्गज कंपनियों के साथ निवेश को लेकर बैठक की. झारखंड में प्रचुर मात्रा में लौह अयस्क का भंडार होने की वजह से स्टील के क्षेत्र में पूरी दुनिया में अहम स्थान रखने वाली कंपनी निप्पॉन स्टील एंड सुमितोमो मेटल कॉरपोरेशन ने झारखंड में स्टील की फैक्ट्री लगाने की घोषणा की, साथ ही टेक्सटाईल्स और फूड प्रोसेसिंग के क्षेत्र में सरकार के साथ मित्सुई एंड कंपनी निवेश करेगी. मुख्यमंत्री अपने दल के साथ बुलेट ट्रेन से ओसाका गये. ओसाका के रिट्स कार्लटन में झारखंड की ओर से रोड शो किया गया. इस शो में जापान की दर्जनों महत्वपूर्ण कंपनियों के उच्चाधिकारियों ने भाग लिया. रोड शो के बाद बिजनेस मीटिंग में मुख्यमंत्री ने निवेशकों से अपील की कि वे झारखंड में निवेश करें, सरकार उन्हें हर संभव सहायता मुहैया करायेगी. इस रोड शो में मुख्यमंत्री रघुवर दास के अलावा मुख्य सचिव राजबाला वर्मा, विकास आयुक्त अमित खरे, नगर विकास सचिव अरूण कुमार सिंह, उद्योग सचिव सुनील वर्णवाल ने भाग लिया. टोक्यो के भारतीय एंबेसी में भी झारखंड पर एक रोड का आयोजन किया गया था. जिसमें आठ कंपनियों के साथ बिजनेस टू गवर्नमेंट मीटिंग का आयोजन किया गया.
रांची मेट्रो और स्मार्ट सिटी के लिए जिका करेगी निवेश
रांची में मेट्रो रेल के निर्माण के लिए जेट्रो जिका मेती राज्य सरकार की मदद करेगी. इस कंपनी ने रांची मेट्रो परियोजना के लिए चार हजार करोड सहायता देने की घोषणा की है, साथ ही कंपनी के अधिकारियों ने स्मार्ट सिटी के लिए भी झारखंड सरकार को आर्थिक सहायता प्रदान करने का भरोसा दिलाया.
25 हजार करोड़ का हो सकता है निवेश
चेक गणराज्य और जापान की कुल 12 कंपनियों ने जिस तरह से झारखंड में निवेश करने का भरोसा दिया है, उससे यहां के कम से कम 25 हजार लोगों को रोजगार मिल जायेगा. सूत्रों के मुताबिक 15 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और 10 हजार लोग अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार से जुड जायेंगे. सभी कंपनियां सरकार को किये वादे के अनुसार निवेश करेंगी तो यह निवेश कम से कम 25 हजार करोड रूपये का होगा. सभी कंपनियों के प्रतिनिधि जल्द ही झारखंड का दौरा कर निवेश की प्रक्रिया आगे बढायेंगे.
कौन सी कंपनी झारखंड में किस प्रोजेक्ट पर करेगी निवेश
1. मित्सुई एंड कंपनी – ट्रेडिंग की यह कंपनी झारखंड में इंडस्ट्रियल पार्क लगायेगी. टेक्सटाईल्स और फूड प्रोसेसिंग में भी निवेश करेगी.
2. निप्पॉन स्टील- स्टील की यह कंपनी झारखंड में स्टील उद्योग लगायेगी.
3. रोहटो फार्मास्यूटिकल्स- दवा बनाने वाली कंपनी झारखंड में दवा फैक्ट्री लगायेगी. प्रशिक्षण भी देगी.
4. ओमोरी कैसोटेन- कोल्ड स्टोरेज और वेयर हाउस का निर्माण करेगी.
5. यूनिकलो रिटेल- फास्ट रिटेलिंग कंपनी फैशन कंपनी कपडा उद्योग पर काम करेगी.
6. सोजिट्स कॉरपोरेशन- यह ट्रेडिंग कंपनी झारखंड में इंडस्ट्रियल पार्क लगायेगी. ऊर्जा और इंजीनियरिंग के क्षेत्र में निवेश करेगी.
7. आईएससी फूड- जापान की नामी पॉल्ट्री फार्म कंपनी राज्य में उच्च पोषण वाला पॉल्ट्री फॉर्म लगायेगी. घरेलू मुर्गियों की ब्रीडिंग नस्ल को सुधारकर पौष्टिक अंडा का उत्पादन करेगी.
8. एनईसी कॉरपोरेशन- यह आईटी कंपनी झारखंड में इलेक्ट्रानिक्स और सेमीकंडक्टर का उत्पादन करेगी.
9. इतोचु लॉजिस्टिक- ऑटोमोटिव लॉजिस्टिक झारखंड में ड्राईपोर्ट मैनेजमेंट और लॉजिस्टिक मैनेजमेंट साल्यूशन में निवेश करेगी.
10. जेडास- जेडास कंपनी के ट्रेनर झारखंड की फैक्ट्रियों के अलावा मैन्युफैक्चरिंग इकाइयों में काम कर रहे वकर्स को प्रशिक्षण देंगे.
11. टॉस कुरीम- टॉस कुरीन और एचईसी के साथ ज्वाइंट वेंचर के साथ इंजीनियरिंग सेक्टर में काम करेगी.
12. होम क्रेडिट- यह कंपनी सरकार के साथ काम करेगी और उपभोक्ताओं को लोन मुहैया करायेगी. सरकार के साथ 74 करोड का हुआ एमओयू.




