
Peris : रिपोर्टर्स विदाउट बॉडर्स की ओर से प्रकाशित सालाना आंकड़े के मुताबिक साल 2017 में दुनियाभर में 65 पत्रकार और मीडियाकर्मी मारे गए हैं. मारे गये मीडिया कर्मियों में 50 पेशेवर संवाददाता थे. पिछले 14 वर्षों में यह संख्या सबसे कम है. हालांकि इस संख्या के कम होने के पीछे की वजह दुनिया के खतरनाक माने जाने वाले स्थानों पर पत्रकारों की गतिविधियों में आयी कमी भी हो सकती है.
साल 2017 खत्म होने में महज कुछ ही दिन बाकी है. नए साल 2018 की शुरूआत होने वाली है. लोग नए साल की खुशियों में मशगुल हैं लेकिन अगर क्राइम के लिहाज से 2017 के आंकड़ों को देखा जाए तो वह कुछ अच्छा नहीं रहा. इस साल में वैसे तो कई हत्याएं हुई है लेकिन खास बात ये है कि साल 2017 में 65 पत्रकारों और मीडियाकर्मियों को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ा है.
2017 में सीरिया दुनिया भर में पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक
रिपोर्टर्स विदाउट बॉडर्स के मुताबिक युद्ध ग्रस्त सीरिया दुनियाभर में पत्रकारों के लिए सबसे खतरनाक स्थान बना हुआ है और यहां 12 संवाददाता मारे गए हैं. इसके बाद मेक्सिको है. यहां 11 पत्रकारों की हत्या हुई है. मेक्सिको में मारे गये पत्रकारों में जेवियर वाल्डेज का भी नाम है. वह मेक्सिको में मादक पदार्थ माफियाओं के बीच चल रहे खतरनाक लड़ाई की कहानी दुनिया को बता रहे थे. मई में हुई उनकी हत्या से लोगों में काफी गुस्सा था.
एशिया में संवाददाताओं के लिए फिलीपीन सबसे खतरनाक स्थान साबित
वहीं एशिया में संवाददाताओं के लिए फिलीपीन सबसे खतरनाक स्थान साबित हुआ है. पिछले साल यहां कम से कम पांच पत्रकारों को गोली मारी गई, जिनमें से चार की मौत हो गई.
पिछले 14 सालों में 2017 में सबसे कम मारे गये पत्रकार
रिपोर्टर्स विदाउट बॉडर्स ने बताया कि दुनियाभर में इस साल मारे गये पत्रकारों की संख्या पिछले 14 साल में सबसे कम है. आंकड़ों के मुताबिक 65 में से 39 पत्रकारों की हत्या हुई. वहीं अन्य की मौत ड्यूटी के दौरान हवाई हमले या आत्मघाती हमले में हुआ. समूह का कहना है कि पत्रकारों की मौत की संख्या में गिरावट के पीछे पत्रकारों को मिला बेहतर प्रशिक्षण और युद्ध क्षेत्र में मिली सुरक्षा शामिल है.
क्या कहते है 2015 के आंकड़े
रिपोर्टर्स विदआउट बॉर्डर्स ने 29015 की अपनी वाषिर्क रिपोर्ट में कहा है कि भारत में 2015 में नौ पत्रकारों की हत्या हुई. इनमें से कुछ पत्रकार संगठित अपराध और इसके नेताओं से संबंध पर रिपोर्टिंग कर रहे थे. वहीं कुछ पत्रकारों ने अवैध खनन की रिपोर्टिंग के चलते अपनी जान गवांयी. भारत में अपनी ड्यूटी करने के दौरान पांच पत्रकार मारे गए, जबकि चार अन्य के मरने के कारणों का पता नहीं है.
2015 की रिपोर्ट के मुताबिक भारत मीडियाकर्मियों के लिए एशिया में सबसे घातक देश
रिपोर्ट के अनुसार पत्रकारों की मौत इस बात की पुष्टि करती है कि भारत मीडियाकर्मियों के लिए एशिया का सबसे घातक देश है जिसका नंबर पाकिस्तान और अफगानिस्तान दोनों से पहले आता है. रिपोर्ट ने भारत सरकार से पत्रकारों की रक्षा के लिए राष्ट्रीय योजना लागू करने का आग्रह किया है. संगठन ने चेताया कि ज्यादातर पत्रकारों को उनके काम के लिए शांतिपूर्ण माने जाने वाले देशों में जानबूझकर निशाना बनाया गया है.
2015 में दो तिहाई पत्रकार शांतिपूर्ण देशों में मारे गए
रिपोर्ट कहती है कि ज्यादातर पत्रकारों की हत्या उनके खिलाफ जानबूझकर की गई हिंसा का नतीजा थी और यह मीडियाकर्मियों की रक्षा की पहलों की विफलता हो दर्शाता है. रिपोर्ट के अनुसार 2014 में दो तिहाई पत्रकार जंगी क्षेत्रों में मारे गए हैं, जबकि 2015 में यह एकदम से विपरीत है और दो तिहाई पत्रकार शांतिपूर्ण देशों में मारे गए हैं.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




