
Patna/Lucknow: कोरोना संकट के बीच आसमान से मौत बनकर बिजली गिरी है. बिहार, उत्तर प्रदेश, झारखंड और पश्चिम बंगला में व्रजपात का कहर बरपा है. यूपी-बिहार पिछले दो दिन में गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की वजह से 110 लोगों की मौत हो गई. वहीं कम से कम 32 घायल हो गए और बड़े पैमाने पर संपत्ति को क्षति पहुंची.
इसे भी पढ़ेंःICMR ने कहा- Corona पॉजिटिव सैंपल को नष्ट करने से पहले उन्हें 30 दिन तक रखा जाए सुरक्षित
बिहार में 100 लोगों की मौत
पटना में आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, बुधवार से अभी तक राज्य में बिजली गिरने से 100 लोगों की मौत हुई है. उन्होंने बताया कि इन घटनाओं में 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं और अस्पतालों में भर्ती हैं. बिहार के 24 जिलों में सबसे ज्यादा 100 मौतें हुईं. बिहार के गोपालगंज में बिजली गिरने से सबसे ज्यादा 14 लोगों की मौत हो गई.
वहीं मधुबनी और नवादा में 8-8 और सीवान, भागलपुर में 6-6 लोगों मौत हुई. दरभंगा, पूर्वी चंपारण और बांका में 5-5 लोगों की जान गई. खगड़िया और औरंगाबाद में 3-3 और पश्चिमी चंपारण, किशनगंज, जहानाबाद, जमुई, पूर्णिया, सुपौल, कैमूर व बक्सर में 2-2 लोगों की मौत हुई है. जबकि समस्तीपुर, शिवहर, सारण, सीतामढ़ी और मधेपुरा में एक-एक व्यक्ति की जान गई. बता दें कि मौसम विभाग ने अगले 3 दिन बिहार के 18 जिलों के लिए भारी बारिश-बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वज्रपात से मरने वालों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है. उन्होंने कहा कि आपदा की इस घड़ी में वह प्रभावित परिवारों के साथ हैं. मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों को तत्काल चार-चार लाख रुपये अनुग्रह अनुदान देने के निर्देश दिये हैं.
इसे भी पढ़ेंःचीन एशियाई देशों के लिए खतरा! एशिया में अमेरिका बढ़ायेगा सैन्य ताकत
यूपी में 24 लोगों की गयी जान
वहीं लखनऊ में अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में गुरुवार को बिजली गिरने से कम से कम 24 लोगों की मौत हो गई और 12 घायल हो गए. उन्होंने बताया कि बुधवार को बिजली गिरने से तीन लोग की मौत हो गई थी.
इधर झारखंड में 8 और प. बंगाल में 3 लोगों की जान गई.
राज्य सरकार द्वारा देर शाम यहां जारी एक बयान के मुताबिक बारिश के बीच बिजली गिरने की घटनाओं में देवरिया में नौ लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा प्रयागराज में छह, अंबेडकरनगर में तीन, बाराबंकी में दो और कुशीनगर, प्रतापगढ़, बलरामपुर और उन्नाव में एक-एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्राकृतिक आपदा में लोगों की मौत पर दुख जाहिर करते हुए उनके परिजन को चार-चार लाख रुपये की सहायता का ऐलान किया है.
पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश और बिहार के कई इलाकों में भारी बारिश और बिजली गिरने से कई लोगों की मौत पर बृहस्पतिवार को दुख जताया. मोदी ने ट्वीट किया, ‘बिहार और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों के निधन का दुखद समाचार मिला. राज्य सरकारें तत्परता के साथ राहत कार्यों में जुटी हैं.’ उन्होंने कहा, ‘इस आपदा में जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं.’
वहीं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने आकाशीय बिजली गिरने से इन राज्यों में हुई मौंतों को लेकर शोक व्यक्त किया. उन्होंने कहा, ‘‘ भारी बारीश और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों की मौत से बेहद दुखी हूं. दोनों ही राज्यों में राहत कार्य तेजी से हो रहा है.
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार के कुछ इलाकों में बिजली गिरने से कई लोगों की मौत होने पर दुख जताया और पार्टी कार्यकर्ताओं से प्रभावित परिवारों की हरसंभव मदद करने को कहा.
उन्होंने ट्वीट किया, ‘बिहार में बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत की ख़बर सुनकर स्तब्ध हूं. भगवान उनके प्रियजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति दे. कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करें.’
इसे भी पढ़ेंःनियमित ट्रेनों का परिचालन 12 अगस्त तक रहेगा बंद, 100 फीसदी मिलेगा रिफंड




