Uncategorized

जामताड़ाः पारा शिक्षकों ने दी चेतावनी, दुर्गापूजा में मानदेय नहीं मिला तो करेंगे आंदोलन

News Wing

Jamtara, 23 September: जामताड़ा के नारायणपुर प्रखंड के बीआरसी कार्यालय में झारखंड राज्य पारा शिक्षक महासंघ की बैठक हुई। संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुमन कुमार सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में मुख्य रूप से टेट पास पारा शिक्षकों की सीधी नियुक्ति, पारा शिक्षकों का मानदेय समय पर नहीं मिलने और संगठन को मजबूती प्रदान करने को लेकर चर्चा हुई. बैठक को संबोधित करते हुए सुमन कुमार ने कहा कि पदाधिकारियों के द्वारा पारा शिक्षकों के साथ दुर्व्यवहार किया जा रहा है. पारा शिक्षक महासंघ इसका विरोध करता है. उन्होंने कहा कि पदाधिकारियों को पारा शिक्षकों की समस्याएं नहीं दिखती है. तीन माह से पारा शिक्षकों का मानदेय लंबित है. बकरीद बीत गया, लेकिन मानदेय नहीं मिला और अब दुर्गापूजा और मुहर्रम आ गया. अभी तक जिला में आवंटन उपलब्ध नहीं है. सुमन कुमार सिंह ने कहा कि अगर इस बार दुर्गापूजा और मुहर्रम में पारा शिक्षकों को मानदेय नहीं मिला तो आंदोलन होगा और इसकी जिम्मेवारी विभाग की होगी.

टेट पास पारा शिक्षकों की सीधी नियुक्ति करने की मांग

जिला कार्यकारिणी अध्यक्ष नीलांबर मंडल ने कहा कि टेट पास पारा शिक्षकों की सीधी नियुक्ति होनी चाहिए. सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा है कि टेट पास पारा शिक्षकों की सीधी नियुक्ति करें. इसका पालन सरकार को करना चाहिए. सरकार को अपनी हठधर्मिता छोड़कर पारा शिक्षकों की समस्याओं का निदान करना चाहिए. जो पारा शिक्षक टेट पास नहीं हैं उनको अन्य राज्य की भांति समायोजन करना चाहिए. बैठक में बैजनाथ मंडल, अजीत कुमार सिंह, सुरेश मंडल, उदय किशोर, मनोद पंडित,  धनंजय प्रसाद सिंह,  शाहबान अंसारी,  भरत स्वर्णकार,  मो अशद, मो इकराम, मो लुकमान सहित अन्य मौजूद थे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button