News Wing
New Delhi, 09 November : हिमाचल प्रदेश में आज विधानसभा चुनाव में शाम पांच बजे तक 74 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया. चुनाव आयोग ने मतदान के इस स्तर को पिछले विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव में हुये मतदान से अधिक बताया.
उप चुनाव आयुक्त संदीप सक्सेना ने आज यहां संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हिमाचल प्रदेश की 68 सीटों पर सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक हुआ मतदान पूरी तरह से शांतिपूर्ण रहा. सक्सेना ने कहा कि शाम पांच बजे मतदान खत्म होने तक 74 प्रतिशत मतदान हुआ था. लगभग 500 मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतारें लगी हुयी थीं इसलिये मतदान का स्तर बढ़ना तय है.
यह भी पढ़ें : हिमाचल चुनाव: सभी 68 सीटों पर कांग्रेस- भाजपा के बीच कड़ी टक्कर के आसार
2012 में 73.51 प्रतिशत मतदान हआ था
उन्होंने कहा कि साल 2012 में हुये विधानसभा चुनाव में 73.51 प्रतिशत मतदान हआ था जबकि साल 2014 में लोकसभा चुनाव में राज्य के 64.45 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था. हालांकि इस लिहाज से इस चुनाव में रिकार्ड मतदान होने के सवाल पर सक्सेना ने कहा कि इस बारे में आधिकारिक तौर पर मतदान संबंधी आंकड़ों का अंतिम विश्लेषण किये जाने के बाद ही कुछ भी कहना मुनासिब होगा.
सक्सेना ने कहा कि राज्य में आज हुये मतदान के दौरान कहीं से भी किसी भी तरह की हिंसा या अप्रिय घटना की कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गयी है. उन्होंने इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिये आयोग द्वारा किये गये पुख्ता इंतजामों का परिणाम बताया.
यह भी पढ़ें : भाजपा ने हिमाचल चुनाव में जीत का विश्वास जताया




