Uncategorized

हरियाणा बस दुर्घटना में 11 छात्रों की मौत

अम्बाला, 2 जनवरी | हरियाणा के अम्बाला में सोमवार सुबह घने कोहरे के कारण एक स्कूल बस ट्रक से टकरा गई। इस दुर्घटना में बस के चालक सहित 11 छात्रों की मौत हो गई। सभी छात्रों की उम्र आठ साल के आसपास थी। सरकार ने दुर्घटना की मजिस्ट्रेट जांच का आदेश दिया है। पुलिस के अनुसार, यह बस अर्जुन पब्लिक स्कूल की थी। दुर्घटना अम्बाला शहर से 25 किलोमीटर दूर साहा-शाहबाद मार्ग पर हुई। दुर्घटना में कम से कम 20 छात्र घायल हो गए, जिन्हें अम्बाला और चंडीगढ़ के अस्पतालों में ले जाया गया।

16 बच्चों का उपचार चंडीगढ़ के मेडिकल कालेज एवं अस्पताल में तथा अन्य तीन का उपचार अम्बाला छावनी के सैनिक अस्पताल में किया जा रहा है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपिंदर सिंह हुड्डा ने भीटा गांव के पास हुई इस दुर्घटना की जांच मजिस्ट्रेट से कराने का आदेश दिया है।

राज्य सरकार ने प्रत्येक मृतक के परिजन को 100,000 रुपये तथा गंभीर रूप से घायल छात्रों को 25,000 रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

हुड्डा ने चंडीगढ़ और अम्बाला के अस्पतालों में जाकर घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा मरने वाले छात्रों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।

अम्बाला जिला प्रशासन ने क्षेत्र में सुबह के समय कोहरा छाए रहने के कारण 31 जनवरी तक सरकारी, अर्ध-सरकारी तथा निजी स्कूलों का संचालन सुबह 10 बजे से अपराह्न् 3.30 बजे तक करने का आदेश जारी किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button