
Mumbai : मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच घरेलू संस्थागत निवेशकों की खरीदारी के दम पर मंगलवार को घरेलू बाजार लगातार तीसरे दिन बढ़त में रहे. सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 132 अंक मजबूत होकर 34,578.39 अंक पर रहा. ब्रोकरों ने कहा कि निवेशकों की निगाहें कल जारी होने वाले तीसरी तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के आंकड़ों पर लगी हुई हैं. वैश्विक वित्तीय संस्थान मॉर्गन स्टानली द्वारा रिपोर्ट में तीसरी तिमाही में जीडीपी वृद्धि के रफ्तार पकड़ने और सात प्रतिशत पर पहुंच जाने के अनुमान के बाद बाजार की धारणा मजबूत बनी हुई है.
इसे भी पढ़ें- बढ़ सकती है बिजली संकटः देश के 46 बिजली घरों में एक सप्ताह से भी कम का कोयला भंडार
34,578.39 अंक पर रहा सेंसेक्स
बंबई शेयर बाजार का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 132.64 अंक यानी 0.38 प्रतिशत मजबूत होकर 34,578.39 अंक पर रहा. पिछले दो कारोबारी सत्र में यह 626.25 अंकों की बढ़त ले चुका है. नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में 32.65 अंक यानी 0.30 प्रतिशत की बढ़त लेकर 10,615.25 अंक पर रहा. बीएसई से सभी समूह हरे निशान में रहे. तेल एवं गैस, टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, वाहन, बैंकिंग, पावर, पीएसयू, धातु, एफएमसीजी और हेल्थकेयर समूहों के शेयरों में सर्वाधिक तेजी रही.
इसे भी पढ़ें- वायरल पत्र में आरोप : झारखंड कैडर के दो सीनियर आईएएस अफसरों के बेटों को मिली रिश्वत में केपीएमजी मल्टीनेशनल कंपनी में जॉब
सेंसेक्स की कंपनियों में शेयर 1.75 प्रतिशत तक चढ़े
प्राथमिक आंकड़ों के अनुसार, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने कल बाजार में 1,409.45 करोड़ रुपये की खरीदारी की थी. हालांकि विदेशी पोर्टफोलियो निवेशक 1,119.51 करोड़ रुपये के शुद्ध बिकवाल रहे थे. सेंसेक्स की कंपनियों में यस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, ओएनजीसी, टीसीएस, डॉ रेड्डीज, एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, विप्रो, एचडीएफसी बैंक और कोल इंडिया के शेयर 1.75 प्रतिशत तक चढ़े. इस बीच पंजाब नेशनल बैंक के शेयर करीब नौ प्रतिशत लुढ़ककर 52 सप्ताह के निचले स्तर पर आ गये. बैंक ने कहा था कि घोटाले की कुल राशि 12,700 करोड़ रुपये हो सकती है.
इसे भी पढ़ें- सब जज मामले में जेल भेजी गयी महिला चन्दा देवी का वीडियो आया सामने, कहा- “मेरा धर्म परिवर्तन कराना चाहते थे”
क्या रहा विदेशी बाजारों का हाल
विदेशी बाजारों में फेड प्रमुख की कांग्रेस के साथ पहली चर्चा से उत्साहित वॉल स्ट्रीट के बढ़त में रहने से तेजी रही. एशियाई बाजारों में शुरुआती कारोबार में जापान का निक्की 1.39 प्रतिशत और हांग कांग का हैंग सेंग 0.06 प्रतिशत बढ़त में रहा. हालांकि चीन का शंघाई कंपोजिट 0.97 प्रतिशत लुढ़क गया. अमेरिका का डाउ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज कल 1.58 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुआ था.
न्यूज विंग एंड्रॉएड ऐप डाउनलोड करने के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पेज लाइक कर फॉलो भी कर सकते हैं.




