Uncategorized

सृजन घोटाले में आया सुमो की बहन का नाम, गिफ्ट खरीदारी के लिए सृजन के खाते से रेखा मोदी को होता था भुगतान

News Wing

Patna, 2 September: बिहार के चर्चित सृजन घोटाले में उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी की चचेरी बहन रेखा मोदी का नाम जुड़ गया है. रेखा मोदी पर करोड़ों रुपये का भुगतान सृजन के खाते से लेने के आरोप लगे हैं. जांच एजेंसियों को पता लगा है कि सृजन के कर्ता-धर्ता अफसरों और राजनेताओं को खुश करने के लिए उनके परिजनों को बड़ी मात्रा में गिफ्ट दिया करते थे. इनमें से अधिकांश हीरे की ज्वेलरी होती थी. इन ज्वेलरी की खरीद के लिए सृजन के खाते से रेखा मोदी को भुगतान होता था. इसके बाद रेखा मोदी उन्हें अपनी कंपनी के जरिए या नकद हीरे व्यापारी को देती थीं.

घोटाला में नाम सामने आने के बाद फरार हैं रेखा मोदी

सृजन घोटाला में नाम सामने आने के बाद से रेखा मोदी फरार हैं. गौरतलब है कि रेखा मोदी और सृजन की सचिव मनोरमा देवी के बीच अच्छे संबंध थे. गौरतलब है कि इस घोटाले में अब तक केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, भाजपा के पूर्व सांसद शाहनवाज हुसैन, झारखंड से भाजपा सांसद निशिकांत दूबे, भाजपा से निलंबित किसान मोर्चा के उपाध्यक्ष विपिन शर्मा के नाम जुड़ चुके हैं. इन लोगों का प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष तरीके से सृजन की दिवंगत सचिव मनोरमा देवी या उनके बेटे अमित कुमार या बहू प्रिया से संबंध रहे हैं.

सुमो ने कहाः मेरा रेखा मोदी से कोई लेना-देना नहीं

सृजन घोटाले में रेखा मोदी का नाम सामने आने के बाद इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए सुशील मोदी ने कहा कि सृजन घोटाले में जिस रेखा मोदी का नाम लिया जा रहा है उससे उनका या उनके परिवार का कोई लेना-देना नहीं हैं. सुशील मोदी ने कहा कि रेखा मोदी से हमारे रिश्ते कितने मधुर रहे हैं इस बारे में हमारे राजनैतिक विरोधियों से भी जानकारी एकत्रित की जा सकती है. गौरतलब है कि रेखा मोदी ने 2010 में अपने सगे भाई महावीर मोदी के खिलाफ घरेलू हिंसा का मुकदमा दर्ज कराया था. जिसमें सुशील मोदी को भी आरोपी बनाया गया था.

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button