Uncategorized

सुनंदा हत्याकांड : मेहर तरार से हो सकती है पूछताछ

नई दिल्ली : कांग्रेस के लोकसभा सांसद शशि थरूर की पत्नी सुनंदा पुष्कर की हत्या मामले में पाकिस्तानी पत्रकार मेहर तरार से पूछताछ की जा सकती है। यह जानकारी गुरुवार को पुलिस ने दी। तरार ने हालांकि भारत आकर जांच से जुड़ने की बात को नकार दिया लेकिन जांच में सहयोग करने की इच्छा जताई। दिल्ली पुलिस आयुक्त बी.एस.बस्सी ने कहा, “तरार इस मामले में महत्वपूर्ण व्यक्ति हैं। यदि आवश्यकता हुई तो उनसे पूछताछ की जा सकती है।”

माना जाता है कि थरूर और तरार के बीच गहरी दोस्ती थी। 47 वर्षीय मेहर तरार ने कहा कि वह भारत आने के लिए तैयार नहीं हैं लेकिन पुलिस के सवालों के जवाब देते हुए उन्हें खुशी होगी।

तरार ने समाचार चैनल सीएनएन-आईबीएन से फोन पर बातचीत में कहा, “दिल्ली पुलिस के पास मेरे लिए जो भी सवाल हैं मैं उनके जवाब देना पसंद करूंगी लेकिन मैं जांच के लिए भारत नहीं आऊंगी।”

उन्होंने कहा, “वे (दिल्ली पुलिस) मेरे से सीधे अथवा विदेश मंत्रालय के माध्यम से संपर्क करना चाहते हैं। प्रोटोकॉल जो भी है.. मैं उनके सवालों के जवाब देने के लिए तैयार हूं।”

उन्हें इस मामले से जोड़ने के सवाल पर तरार ने कहा, “मेरी सबसे बड़ी गलती यह थी कि मैंने सुनंदा को ट्विटर पर जवाब दिया।”

उन्होंने कहा, “अगर मुझ से कुछ पूछा जाएगा तो मैं इसे दिल्ली पुलिस के साथ साझा करूंगी। लेकिन अभी तक दिल्ली पुलिस की ओर से किसी ने भी मुझ से संपर्क नहीं किया है।”

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल से उनके और थरूर के बीच कोई बातचीत नहीं हुई है। माना जाता है कि थरूर और तरार के बीच की दोस्ती के कारण ही सुनंदा और थरूर के रिश्तों में दूरियां आई थीं।

उन्होंने कहा, “हम दोनों संपर्क में नहीं हैं। हम दोनों एक दूसरे से बात नहीं कर रहे हैं। और मेरी सबसे बड़ी गलती यह थी कि उसने (सुनंदा) ट्विटर पर जो कुछ भी कहा मैंने उसका जवाब दिया। जो कि मुझे नहीं करना चाहिए था।”

सुनंदा को 17 जनवरी, 2014 को दिल्ली के लीला पैलेस होटल में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाया गया था। दिल्ली पुलिस ने इस मामले में एक जनवरी, 2015 को हत्या का मामला दर्ज करने के बाद एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था।

दिल्ली पुलिस प्रमुख ने कहा कि अगर जरूरत पड़ी तो एसआईटी तीसरी बार थरूर से पूछताछ कर सकती है।

सुनंदा की विसरा रिपोर्ट पर सवाल पूछने पर बस्सी ने कहा, “हमने अमेरिका स्थित संघीय जांच एजेंसी (एफबीआई) की प्रयोगशाला से कहा है कि वह जितनी जल्दी हो सके उतनी जल्दी उनकी विसरा रिपोर्ट की जांच करें।”

उन्होंने यह भी बताया है कि पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए कई इलेक्ट्रोनिक उपकरणों को जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button