News Wing
Sahebganj, 29 August: गणेश पूजा विसर्जन के दौरान साहेबगंज में अज्ञात तत्वों द्वारा माहौल बिगाड़ने की कोशिश की गयी, जिसे पुलिस ने बड़ी ही तत्परता और समझदारी के साथ संभाल लिया.
क्या था मामला :- विभिन्न पूजा समितियों द्वारा गणेश पूजा के बाद मूर्ति विसर्जन जुलूस निकाला गया. एक एक कर सभी मूर्ति विर्सजन के लिए निकले. मूर्ति विसर्जन जुलूस को देखने के लिए रास्ते के आसपास के घरों से भी लोग इकट्ठा हुए थे. रात के ग्यारह बजे पांच मोड्वा गणेश पूजा समिति के मूर्ति विर्सजन का जुलूस निकला. यह जुलूस जैसे ही शहर के एलसी रोड पहुंचा तभी किसी ने अफवाह फैला दी की किसी ने जुलूस पर पत्थरबाजी की है. ऐसी अफवाह के फैलते ही जुलूस में शामिल लोग भड़क गये और हंगामा मचाने लगे इस बीच एलसी रोड के लोगों ने भी जुलूस पर आरोप लगाया कि उनके घरों पर पत्थर फेंके जा रहे हैं. एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए जुलूस में शामिल लोग और एलसी रोड के लोग आपस में उलझ गये.
पुलिस ने दिखायी तत्परता:- मामले की गंभीरता को समझते हुए नगर थाना प्रभारी राधिका रमण मिंज ने तुरंत पुलिस अधीक्षक पी मरूगन को गरमाये महौल की सूचना दी. तुरंत एसपी घटना स्थल पर पहुंचे और उन्होंने मोर्चा संभाल लिया. एलसी रोड के लोगों को अपने घरों में जाने का आदेश दिया और हंगामा करनेवालों को चिन्हित कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया. घटना की जानकारी जैसे सदर एसडीओ अमित प्रकाश को हुई वह भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गये.
क्या कहना है एलसी रोड के लोगों और जुलस में शामिल लोगों का:- घटना के विषय में लोगों ने बताया की विसर्जन में शामिल कुछ लोग बादशाह चौक पर स्थित दो दुकानों मे तोड़ फोड़ कर रहे थे जिन्हें रोके जाने पर वे हंगामा मचाने लगे.
वहीं विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों का कहना है कि शांति पूर्वक जुलूस जा रहा था तभी किसी ने अफवाह फैला दी की प्रतिमा पर किसी ने पत्थर मार दिया है. जिसके बाद जुलूस में शामिल लोग भड़क उठे.
जिला प्रशासन ने बुलाई शांति समिति की बैठक:- पुलिस ने फिलहाल एलसी रोड को छांवनी में तब्दील कर दिया है. साथ ही समाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वाले लोगों को चिन्ह्रित करने में जुटी है. ताकि ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कारवाई की जा सके. शहर में सौहार्द्र पूर्ण माहौल बना रहे इसके लिये जिला प्रशासन ने आज विकास भवन के सभागार मे शांति समिति की बैठक बुलाई है. घटना के विषय में सदर एसडीओ अमित प्रकाश ने बताया की किसी भी कीमत पर समाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने वालों को बर्दाशत नहीं किया जायेगा. ऐसे लोगों पर कड़ी से कड़ी कारवाई की जायेगी.




