NEWSWING
Sahebganj, 08 November : ईकॉम कुरियर एक्सप्रेस के दफ्तर में हुई भीषण चोरी का पुलिस ने उद्भेदन दिया है. चोरी के आरोप में पुलिस ने कंपनी के पूर्व कर्मचारी ओड़िसा निवासी असीम मोहंती को गिरफ्तार कर लिया है. असीम को ओड़िसा के जाजपुर से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि घटना को अंजाम देने में असीम का उसके तीन साथियों ने दिया था. पुलिस असीम के दोस्तों की भी तालाश कर रही है.
आक्रोश में दिया चोरी की घटना को अंजाम
बता दें कि विगत 30 सितंबर को अज्ञात चोरों ने ईकॉम एक्सप्रेस कुरियर कंपनी के दफ्तर के शटर का ताला तोड़ कर चोरी की घटना को अंजाम दिया था. चोरों ने ऑफिस में रखे लगभग साढ़े दस लाख रूपये सहित अन्य सामान चुरा लिया था. मामले को लेकर नगर थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गयी थी. एसपी प्रदीप कच्छप ने बताया कि चोर की पहचान ओड़िसा निवासी असीम मोहंती के रूप में हुई. वहीं, असीम उसी कंपनी में पहले काम किया करता था. कंपनी ने असीम को किसी कारणवश नौकरी से निकाल दिया था. इसी से आक्रोशित हो कर असीम ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया. गिरफ्तार असीम के पास से पुलिस ने चोरी का सामान भी बरामद किया है. वहीं, उसके दो साथियों की भी पहचान हो गयी है. उनकी गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस लगातार प्रयास कर रही है. एसपी ने कहा कि असीम के साथियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. इस कांड के उद्भेदन में केस के अनुसंधानकर्ता अनूप प्रसाद व एएसआई प्रभा शंकर दुबे ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.




